Ek chitthi jo kabhi bheji nahi gai part 2
जो बात लौटकर आई
बारिश के बाद की सुबह हमेशा थोड़ी अलग होती है।
हवा में मिट्टी की खुशबू होती है और पेड़ों की पत्तियों पर ठहरी हुई बूंदें ऐसा लगता है जैसे रात ने जाते-जाते अपना कुछ हिस्सा वहीं छोड़ दिया हो।
अमित को बारिश के बाद की सुबहें पहले भी पसंद थीं।
लेकिन उस सुबह उसे पहली बार लगा कि बारिश सिर्फ मौसम नहीं बदलती, कभी-कभी भीतर जमा कुछ पुराना भी हिला देती है।
अलमारी के उस पुराने खाने में रखी चिट्ठी को लिखे हुए तीन दिन हो चुके थे। तीन दिन। बस तीन दिन।
लेकिन इन तीन दिनों में अमित कई बार अलमारी खोलकर उस लिफाफे को देख चुका था।
हर बार उसका हाथ उसे निकालने के लिए बढ़ता और हर बार वह बिना छुए वापस आ जाता।
उसे समझ नहीं आ रहा था कि वह आखिर चाहता क्या है। चिट्ठी भेजना नहीं चाहता था। लेकिन उसे फाड़ भी नहीं पा रहा था। शायद इसलिए कि वह कागज अब सिर्फ कागज नहीं रह गया था। उसमें उसके आठ साल बंद थे।
उसकी चुप्पी थी, उसका डर था, उसकी वह मोहब्बत थी जिसे उसने कभी नाम नहीं दिया और सबसे बढ़कर उसमें उसका वह हिस्सा था जो नैना के जाने के बाद भी कहीं कॉलेज की उसी सीढ़ी पर बैठा रह गया था।
उस सुबह ऑफिस जाने से पहले उसने अलमारी खोली।
लिफाफा वहीं था। उसने उसे हाथ में लिया। कुछ पल तक देखता रहा। फिर वापस रख दिया।
जाने दो
उसने खुद से कहा और अलमारी बंद कर दी।
उसे नहीं पता था कि उस दिन उसकी जिंदगी में कुछ ऐसा होने वाला है, जिसके लिए वह बिल्कुल तैयार नहीं था।
दोपहर करीब दो बजे ऑफिस में उसका फोन बजा। अनजान नंबर था। अमित ने फोन उठाया।
हेलो?
कुछ सेकंड तक दूसरी तरफ खामोशी रही। फिर एक परिचित आवाज आई।
अमित?
अमित का हाथ जैसे वहीं रुक गया। वह आवाज बहुत सालों से उसने नहीं सुनी थी। लेकिन कुछ आवाजें समय के साथ पुरानी नहीं होतीं। वे बस हमारे भीतर कहीं दब जाती हैं।
अमित ने कहा, नैना?
दूसरी तरफ हल्की-सी हंसी सुनाई दी।
नैना, पहचान लिया?
अमित कुछ बोल नहीं पाया। ऑफिस में लोग अपनी-अपनी सीटों पर काम कर रहे थे। किसी के कंप्यूटर पर टाइपिंग की आवाज आ रही थी। कहीं फोन बज रहा था। कोई किसी से बात कर रहा था।
लेकिन अमित को अचानक ऐसा लगा जैसे उसके आसपास सब कुछ बंद हो गया है। सिर्फ वह आवाज बची है, वही आवाज, आठ साल पुरानी।
तुम ठीक हो? नैना ने पूछा।
अमित ने मुश्किल से कहा, हाँ तुम?
नैना, मैं भी ठीक हूँ।
फिर चुप्पी, वही पुरानी चुप्पी। जिसमें दोनों कुछ कहना चाहते थे लेकिन कोई शुरुआत नहीं कर पाता था।
नैना ने धीरे से कहा, बहुत साल हो गए।
अमित, हाँ।
नैना, सोचा नहीं था कभी बात होगी।
अमित हल्का-सा हंसा।
मैंने भी नहीं सोचा था।
नैना, अमित
अमित, हूँ?
नैना, तुम्हें मुझसे मिलना होगा।
अमित का दिल एक पल को फिर उसी उम्र में लौट गया।कॉलेज की कैंटीन, दो कप चाय, बारिश, नैना की हंसी और वह बात जिसे उसने कभी कहा नहीं।
उसने खुद को संभालते हुए पूछा,
अमित, क्यों?
दूसरी तरफ कुछ देर खामोशी रही।
फिर नैना ने कहा, कुछ चीजें फोन पर नहीं कही जातीं।
अमित, कब मिलना है?
नैना, आज शाम?
अमित ने घड़ी देखी।
आज?
नैना, अगर तुम व्यस्त हो तो?
अमित, नहीं। उसने तुरंत कहा। आज ठीक है।
नैना ने मिलने की जगह बताई।
वही पुराना शहर, वही इलाका। कॉलेज के पास एक छोटी-सी चाय की दुकान थी जिसमें दोनों कभी-कभी जाते थे।
अमित ने पता दोबारा पूछा। उसे यकीन नहीं हुआ।
वही जगह, आठ साल बाद।
शाम को अमित तय समय से करीब आधा घंटा पहले ही वहां पहुंच गया। दुकान बदल गई थी। पुरानी लकड़ी की बेंच की जगह प्लास्टिक की कुर्सियां आ गई थीं। चाय वाले का चेहरा भी नया था। सड़क वही थी। सामने वाला पीपल का पेड़ वही था। लेकिन सब कुछ बदल चुका था।
अमित एक कुर्सी पर बैठ गया।
उसने चाय मंगाई।
चीनी कम।
कहते ही वह खुद मुस्कुरा दिया। उसे अचानक नैना याद आ गई।
नैना हमेशा कहती थी, इतनी कम चीनी पीकर जिंदगी में मिठास कैसे रखोगे?
अमित ने तब कहा था, तुम हो न, तुम्हारी बातों से पूरी हो जाती है।
वह बात उसने कभी सच में नहीं कही थी। बस मन में कही थी। आज फिर वही बात याद आई।
करीब बीस मिनट बाद एक कार आकर सड़क के किनारे रुकी। अमित की नजर अनायास उस तरफ चली गई।
दरवाजा खुला, नैना बाहर आई।
अमित ने उसे देखा। वही चेहरा था। लेकिन समय ने उसके चेहरे पर कुछ नई लकीरें लिख दी थीं।
बाल पहले से थोड़े लंबे थे। आंखों के नीचे हल्की थकान थी। लेकिन मुस्कान, वो वही थी, जो 8 साल पहले भी अमित ने देखा था।
अमित अचानक खड़ा हो गया। नैना कुछ कदम चलकर उसके सामने आकर रुक गई। दोनों एक-दूसरे को देखते रहे। आठ साल की दूरी जैसे उन कुछ सेकंड में सिमट गई।
हाय। नैना ने कहा।
अमित ने हल्की मुस्कान के साथ जवाब दिया, हाय।
नैना, बहुत बदल गए हो।
अमित, तुम भी।
नैना, अच्छे लग रहे हो।
अमित, तुम भी।
नैना हंस पड़ी। तुम अब भी ऐसे ही जवाब देते हो?
अमित भी हंस दिया। और तुम अब भी ऐसे ही सवाल पूछती हो?
दोनों बैठ गए कुछ देर तक। दोनों के पास कहने को बहुत कुछ था, लेकिन शब्द जैसे रास्ता भूल गए थे।
चाय आई।
नैना ने कप उठाया, अभी भी कम चीनी?
अमित ने चौंककर उसकी तरफ देखा, तुम्हें याद है?
नैना ने सहजता से कहा, कुछ बातें भूलती नहीं हैं।
अमित ने नजरें झुका लीं। उसके भीतर कुछ धीरे से टूटकर गिरा या शायद कुछ जो इतने साल से जमा था, वह पिघलने लगा था।
नैना ने चाय का एक घूंट लिया। फिर बोली, तुमने शादी क्यों नहीं की?
अमित ने उसकी तरफ देखा।
तुमने?
नैना ने नजरें चाय के कप पर टिकाईं और कहा मेरी शादी हुई थी।
अमित चुप रहा।
नैना, तुम्हें पता था?
अमित, तुम्हारी तस्वीर देखी थी।
नैना, फिर?
अमित, फिर कुछ नहीं।
नैना ने उसकी तरफ देखा।
तुमने कभी मुझे फोन क्यों नहीं किया?
अमित ने हल्की हंसी के साथ कहा, तुमने भी तो नहीं किया।
नैना, मैंने कई बार किया।
अमित चौंका, क्या?
नैना, शादी के बाद नहीं। उससे पहले।
अमित, मुझे तो।
नैना, शायद नंबर बदल गया था।
अमित को याद आया। उसने सच में कई बार अपना नंबर बदला था। नौकरी के शुरुआती दिनों में।
अमित, फिर तुमने दोबारा कोशिश क्यों नहीं की?
नैना ने कुछ देर उसे देखा, क्योंकि मुझे लगा तुम बात नहीं करना चाहते।
अमित के पास कोई जवाब नहीं था। दोनों कुछ देर चुप रहे।
फिर नैना ने धीरे से कहा, मेरी शादी ज्यादा दिन नहीं चली।
अमित ने उसकी तरफ देखा। उसने पहली बार उसकी आंखों में वह थकान देखी जो सिर्फ जिंदगी से लड़ने के बाद आती है।
नैना, दो साल पहले तलाक हो गया।
अमित ने कुछ पूछना चाहा। लेकिन उसने रोक लिया।
नैना ने खुद ही कहा, कुछ रिश्ते बहुत कोशिश करने के बाद भी नहीं बचते। शायद इसलिए क्योंकि उनमें कोशिश सिर्फ एक तरफ से होती है।
अमित ने धीमे से कहा, मुझे अफसोस है।
नैना मुस्कुराई, अब मत करो। बहुत समय हो गया।
कुछ पल बाद उसने पूछा, तुमने शादी क्यों नहीं की?
इस बार अमित ने कोई मजाक नहीं किया। उसने सच बोलने का फैसला किया।
शायद इसलिए कि मैं किसी को आधे मन से अपनाना नहीं चाहता था।
नैना की आंखें उसकी तरफ उठीं। और पूरा मन?
अमित मुस्कुराया, वो कहीं पीछे रह गया था।
नैना ने कुछ नहीं कहा। उसने चाय का कप मेज पर रख दिया। अमित समझ गया कि वह समझ गई है। लेकिन वह आगे कुछ नहीं बोला। क्योंकि कुछ बातें आठ साल बाद भी कहने में उतनी ही मुश्किल होती हैं।
नैना ने अपना बैग खोला। उसमें से एक छोटा-सा पुराना कागज निकाला।
इसे पहचानते हो?
अमित ने कागज हाथ में लिया। उसकी सांस जैसे अटक गई। वही लिखावट, वही शब्द।
अमित, तुम्हारे नोट्स बहुत अच्छे हैं। तुम पढ़ाई में सच में अच्छे हो।
वही कागज, जो उसकी कॉपी में मिला था।
अमित ने नैना की तरफ देखा, ये तुम्हारे पास कैसे?
नैना हल्का-सा मुस्कुराई। तुम्हारी कॉपी से मैंने ही निकाला था।
अमित, क्या?
नैना, कॉलेज के आखिरी दिन।
अमित अवाक रह गया।
नैना ने कहा, मुझे लगा था तुम इसे ढूंढोगे।
अमित, मैंने तो सोचा था की,
नैना, कि मैंने लिखा ही नहीं?
अमित ने सिर झुका लिया।
नैना मुस्कुराई। तुम बहुत भोले थे।
अमित, और तुम?
नैना, मैं भी।
दोनों हंस पड़े, कई साल बाद पहली बार, वही पुरानी हंसी।
कुछ देर बाद नैना ने पूछा, अमित, एक बात पूछूं?
अमित, पूछो।
नैना, कॉलेज में क्या तुम्हें सच में किसी से प्यार नहीं था?
अमित की उंगलियां कप के किनारे रुक गईं। उसने नैना की तरफ देखा। उसके पास आज भी वही दो रास्ते थे।
सच बोलना या फिर चुप रहना। लेकिन इस बार आठ साल पहले वाला अमित उसके सामने नहीं था।
उसने धीरे से कहा, था।
नैना ने सांस रोककर पूछा, कौन?
अमित मुस्कुराया और कहा, तुम।
नैना बिल्कुल शांत हो गई। सड़क पर गाड़ियां गुजर रही थीं। दुकान के पीछे कोई बर्तन धो रहा था। पास बैठे दो लड़के किसी बात पर हंस रहे थे।
लेकिन उन दोनों के बीच जैसे अचानक दुनिया थम गई।नैना की आंखों में नमी आ गई।
नैना, इतने साल क्यों लगाए?
अमित ने बहुत धीरे से कहा, डर गया था।
नैना, मुझसे?
अमित, नही तुमसे नही, तुम्हें खोने से।
नैना ने नजरें झुका लीं।
अमित, उसकी आवाज भर्रा गई।
तुम्हें पता है, उस आखिरी दिन मैंने तुमसे क्यों पूछा था कि तुम्हें कोई पसंद है?
अमित ने सिर उठाया, क्यों?
नैना कुछ देर चुप रही। फिर बोली, क्योंकि मुझे तुम पसंद थे।
अमित की आंखें फैल गईं।
अमित, क्या?
नैना, हाँ।
नैना हंसने की कोशिश कर रही थी लेकिन उसकी आंखों से आंसू निकल आए।
नैना, मैं चाहती थी तुम कहो कि हाँ।
अमित के भीतर जैसे कोई पुराना दरवाजा अचानक खुल गया।
आठ साल पहले की वह शाम, वही सवाल।
तुमने कॉलेज में कभी किसी को पसंद किया?
और उसका जवाब, नहीं।
एक शब्द, सिर्फ एक शब्द।
जिसने आठ साल की जिंदगी बदल दी थी।
तुमने कहा था नहीं, नैना ने कहा। इसलिए मैंने भी कुछ नहीं कहा।
अमित ने अपने चेहरे पर हाथ फेर लिया, मैंने सोचा था अगर मैंने कह दिया और तुमने मना कर दिया तो?
नैना, और मैंने सोचा था अगर तुमने कहा ही नहीं तो शायद मैं गलत समझ रही हूँ।
दोनों कुछ देर तक चुप रहे। फिर नैना ने कहा, कितना अजीब है न?
अमित, क्या?
नैना, दो लोग एक-दूसरे को चाहते थे और दोनों एक-दूसरे के डर की वजह से चुप रहे।
अमित ने कोई जवाब नहीं दिया।
उसकी आंखें भीग चुकी थीं। लेकिन उसने आंसू पोंछे नहीं। कुछ आंसुओं को छिपाना बेईमानी लगता है।
नैना ने पूछा, क्या तुमने कभी मुझे चिट्ठी लिखी?
अमित चौंका, नहीं।
यह झूठ था और नैना शायद उसकी आंखों से समझ गई।
नैना, झूठ बोलना अब भी नहीं आया तुम्हें।
अमित ने मुस्कुराकर सिर झुका लिया, लिखी है।
नैना, कब?
अमित, तीन दिन पहले।
नैना, मेरे लिए?
अमित, हाँ।
नैना, भेजी?
अमित ने ना में सिर हिला दिया, नहीं।
नैना ने पूछा, क्यों?
अमित, क्योंकि शायद अब उसका कोई मतलब नहीं।
नैना ने धीरे से कहा, हो सकता है मतलब हो।
अमित उसकी तरफ देखता रहा।
क्या तुम मुझे वो चिट्ठी पढ़ने दोगे? उसने पूछा।
अमित कुछ देर चुप रहा। फिर बोला, नहीं।
नैना ने हल्की मुस्कान के साथ पूछा, क्यों?
अमित, क्योंकि उसमें मैंने तुम्हें बहुत कुछ कहा है।
नैना, और अब डर लग रहा है?
अमित ने हंसते हुए कहा, शायद।
नैना ने सिर हिलाया, ठीक है। मत देना।
वह उठ खड़ी हुई।
अमित ने पूछा, तुम जा रही हो?
नैना, हाँ।
अमित, इतनी जल्दी?
नैना, नहीं।
वह कुछ पल उसके सामने खड़ी रही, फिर कहा, बस इतना समझ लो अमित, हर अधूरी कहानी को पूरा करना जरूरी नहीं होता। लेकिन कभी-कभी उसे अधूरा छोड़ देना भी जरूरी नहीं होता।
अमित उसकी बात समझ नहीं पाया। नैना ने अपना बैग उठाया।
नैना, मैं कल शहर से जा रही हूँ।
अमित, कहाँ?
नैना, मुंबई।
अमित, हमेशा के लिए?
नैना, शायद।
फिर वह कुछ कदम चली।
अमित ने उसे पुकारा, नैना।
वह पलटी।
नैना, हूँ?
अमित के होंठों तक बहुत सारे शब्द आए। लेकिन इस बार उसने सिर्फ इतना कहा, अपना ख्याल रखना।
नैना मुस्कुराई, तुम भी।
और वह चली गई। अमित देर तक वहीं बैठा रहा। उसके सामने चाय ठंडी हो चुकी थी। आसमान फिर से बादलों से भरने लगा था। वह घर लौटा तो रात हो चुकी थी। कमरे में आते ही उसकी नजर अलमारी पर पड़ी। वह कुछ देर दरवाजे के पास खड़ा रहा। फिर सीधे अलमारी के पास गया। पुराना खाना खोला, लिफाफा निकाला। उसने उसे हाथ में लिया। आज पहली बार उसे लगा कि शायद चिट्ठी भेज देनी चाहिए।
लेकिन तभी उसकी नजर लिफाफे पर पड़ी। उस पर सिर्फ एक शब्द लिखा था।
नैना।
वह कुर्सी पर बैठ गया। बहुत देर तक चिट्ठी हाथ में लिए बैठा रहा। फिर उसने मोबाइल उठाया।
नैना का नंबर खोला, एक मैसेज लिखा।
तुमसे बहुत कुछ कहना बाकी है।
कुछ सेकंड तक स्क्रीन देखता रहा, फिर मैसेज मिटा दिया।
दूसरा लिखा,
आज जो कहा, उसके लिए धन्यवाद।
फिर मिटा दिया।
तीसरा लिखा,
काश, हम आठ साल पहले मिलकर सच बोल पाते।
उसने उसे भी मिटा दिया। आखिर में उसने सिर्फ इतना लिखा, मुंबई पहुंचकर बता देना।
वह संदेश भेजने ही वाला था कि रुक गया। उसे लगा शायद फिर वही गलती कर रहा है। किसी उम्मीद के साथ बात शुरू कर रहा है। उसने फोन मेज पर रख दिया।
लेकिन कुछ सेकंड बाद फोन पर नोटिफिकेशन आया।
नैना का मैसेज था।
तुम्हारी चिट्ठी मत भेजना।
अमित चौंक गया। उसने जवाब नहीं दिया।
दूसरा मैसेज आया। क्योंकि मैं उसे पढ़ना चाहती हूँ।
अमित की आंखें भर आईं। उसने तुरंत पूछा, कैसे?
कुछ देर बाद जवाब आया।
नैना, कल सुबह मैं तुम्हारे घर आऊंगी।
अमित स्क्रीन को देखता रह गया।
अगली सुबह दरवाजे की घंटी बजी। अमित ने दरवाजा खोला। सामने नैना खड़ी थी। हाथ में एक छोटा-सा बैग था और आंखों में वही पुरानी चमक।
नैना, अंदर बुलाओगे नहीं?
अमित कुछ कह नहीं पाया।
नैना अंदर आई, उसकी नजर कमरे पर घूमी, दीवार पर लगी किताबों की अलमारी, टेबल, लैंप और फिर वही पुरानी लकड़ी वाली अलमारी।
नैना, चिट्ठी वहीं है?
अमित ने सिर हिलाया, हाँ।
नैना अलमारी के पास गई। अमित ने लिफाफा निकालकर उसकी तरफ बढ़ा दिया।
नैना ने लिफाफा हाथ में लिया, कुछ पल तक उसे देखा।
फिर बोली, तुम्हें पता है अमित, मैं इसे पढ़कर शायद तुम्हें कोई जवाब न दे पाऊं।
अमित, मुझे पता है।
नैना, शायद मैं रोऊं।
अमित, शायद मैं भी।
नैना मुस्कुराई, फिर उसने लिफाफा खोला। चिट्ठी बाहर निकाली।
पहली पंक्ति पढ़ते ही उसकी आंखों में आंसू आ गए।
प्रिय नैना
वह पढ़ती गई, अमित सामने बैठा रहा।
इस बार वह अपनी जिंदगी की सबसे बड़ी बात कहने के लिए शब्दों का सहारा नहीं ले रहा था। उसने सिर्फ चुप रहकर उसे पढ़ने दिया। कुछ देर बाद नैना ने चिट्ठी मोड़ दी।
उसने अमित की तरफ देखा। आंखों से आंसू बह रहे थे।
नैना, तुम बहुत देर से आए।
अमित ने धीमे से कहा, हाँ।
नैना, बहुत देर।
अमित, हाँ।
नैना, लेकिन
वह रुक गई।
नैना, शायद इतनी देर भी नहीं हुई।
अमित ने उसकी तरफ देखा। नैना ने चिट्ठी अपनी हथेली में कसकर पकड़ ली।
नैना, क्या तुम मेरे साथ चलोगे?
अमित ने पूछा, कहाँ?
नैना ने खिड़की के बाहर देखा।
नैना, जहाँ से हमारी कहानी दोबारा शुरू हो सकती है।
अमित कुछ नहीं बोला।
नैना ने मुस्कुराकर कहा, इस बार कोई चिट्ठी मत लिखना।
अमित की आंखों में मुस्कान आ गई।
तो?
नैना, जो कहना हो, सामने कहना।
कमरे में कुछ देर तक दोनों की हंसी गूंजती रही।
बाहर फिर बारिश शुरू हो गई थी, वही बारिश, जिसने आठ साल पहले उन्हें अलग किया था और शायद आज वही बारिश उन्हें फिर से एक जगह खड़ा कर रही थी।
मेज पर वह सफेद कागज अब भी पड़ा था। उस पर लिखे शब्द धुंधले हो रहे थे। लेकिन कहानी पहली बार साफ दिखाई दे रही थी। कभी-कभी जिंदगी हमें दूसरा मौका देती है। मगर वह मौका हमेशा उसी रूप में नहीं आता जिसकी हम कल्पना करते हैं। कभी वह किसी पुराने फोन कॉल के रूप में आता है। कभी किसी अचानक हुई मुलाकात के रूप में और कभी एक ऐसी चिट्ठी के रूप में, जो वर्षों तक भेजी नहीं गई।
अमित ने खिड़की बंद की। नैना उसकी तरफ देख रही थी।
चलें? अमित ने पूछा।
हाँ, नैना ने कहा।
अमित, कहाँ?
नैना मुस्कुराई और कहा, इस बार पता मिलकर तय करेंगे।
अमित हंस पड़ा और पहली बार उसे लगा, शायद कुछ चिट्ठियां इसलिए नहीं भेजी जातीं कि वे अपने गंतव्य तक देर से पहुंचें।
वे इसलिए बचाकर रखी जाती हैं, ताकि सही समय आने पर उन्हें पढ़ने वाला सामने बैठा हो।
उस रात अलमारी खाली थी, वह चिट्ठी वहां नहीं थी।
लेकिन पहली बार अमित को उसके खाली होने का दुख नहीं हुआ। क्योंकि उसकी जिंदगी में वह बात, जो आठ साल से कागज पर बंद थी, अब सामने बैठी थी।
और इस बार वह उसे खोना नहीं चाहता था।
समाप्त
कुंदन राज दत्ता “निश्छल”
Support Writer
Agar कुंदन राज दत्ता "निश्छल" ki is rachna ne aapke hriday ko chhua ho, toh unki kalam aur sahityik prayas ko aage badhane hetu ek chhota sa sneha-sammaan bhent karein:







