Bheed mein akelapan-Ek daastan Part 2
शहर में रहने वाले लोगों को देखकर अक्सर लगता है कि यहाँ किसी के लिए अकेलेपन की कोई जगह नहीं होगी। सुबह से रात तक सड़कें भरी
अनामिका के वापस आने के बाद शहर वही था, मगर मेरे लिए बहुत कुछ बदल गया था।
वही पुरानी सड़कें थीं। वही बस स्टैंड। वही पार्क। वही चाय वाला, जो आज भी चाय में चीनी कुछ ज्यादा डाल देता था और हर बार मेरे मना करने पर कहता था, साहब, जिंदगी में मिठास कम हो तो चाय में तो रहने दीजिए।
मैं हर बार हँस देता। अब उस हँसी में एक और आवाज शामिल हो गई थी। अनामिका की। हम रोज मिलने लगे थे। लेकिन इस बार हमारे बीच पहले जैसी अनजान-सी झिझक नहीं थी। छह महीने की दूरी ने शायद हमें यह समझा दिया था कि कुछ रिश्तों को रोज साबित करने की जरूरत नहीं होती। हम कभी आधे घंटे बैठते, कभी दो घंटे। कभी बातें करते और कभी बिना बोले ही बैठे रहते।
अजीब बात थी कि उसकी खामोशी अब मुझे खलती नहीं थी। पहले मैं सोचता था कि सामने वाला चुप क्यों है।
अब मैं समझने लगा था कि कुछ चुप्पियाँ जवाब नहीं मांगतीं। सिर्फ साथ मांगती हैं।
एक शाम हम पार्क की उसी बेंच पर बैठे थे। सर्दियों की शुरुआत थी। हवा में हल्की ठंड घुलने लगी थी। सामने सड़क पर पीली रोशनी के नीचे लोग जल्दी-जल्दी अपने घरों की तरफ जा रहे थे।
अनामिका ने अपने हाथों को शॉल में छिपाते हुए कहा, कुंदन, तुम्हें कभी लगता है कि जिंदगी बहुत जल्दी बदल जाती है?
मैंने उसकी तरफ देखा और् कहा हर दिन बदलती है।
अनामिका, नहीं, उसने सिर हिलाया, मेरा मतलब, कभी-कभी एक दिन ऐसा आता है जब लगता है कि कल वाली जिंदगी आज की जिंदगी नहीं रही।
मैं कुछ देर चुप रहा फिर कहा दिल्ली वाला दिन?
उसने मेरी तरफ देखा। तुम्हें कैसे पता?
कुंदन, तुम्हारी आवाज बता रही है।
वह हल्का-सा मुस्कुराई।
अनामिका, तुम्हें अब आवाजें भी पढ़नी आ गई हैं?
कुंदन, तुम्हारी पढ़ना सीख गया हूँ।
वह चुप हो गई। उसकी नजर सामने सड़क पर टिक गई।
कुछ देर बाद उसने कहा, वहाँ जाने का फैसला मैंने बहुत सोचकर लिया था।
कुंदन, मुझे पता है।
अनामिका, नहीं, तुम्हें नहीं पता।
मैंने उसकी ओर देखा और कहा तो बताओ।
उसने एक लंबी साँस ली।
अनामिका, मैं भागना चाहती थी।
कुंदन, किससे?
अनामिका, सबसे।
कुंदन, मुझसे भी?
उसने तुरंत मेरी तरफ देखा।
अनामिका, तुमसे तो तब मिली भी नहीं थी।
हम दोनों हँस पड़े। फिर उसकी हँसी धीरे-धीरे थम गई।
अनामिका, मैं अपने घर से भागना चाहती थी। माँ की यादों से। उस कमरे से जहाँ उनकी कुर्सी अब भी उसी जगह रखी थी। उस अलमारी से जिसमें उनकी साड़ियाँ आज भी तह करके रखी थीं। रसोई से जहाँ उनके हाथों की खुशबू जैसे दीवारों में रह गई थी।
मैं कुछ नहीं बोला। वह बोलती रही।
लोग कहते थे कि समय सब ठीक कर देता है।
लेकिन? समय सिर्फ हमें दर्द के साथ जीना सिखाता है। दर्द खत्म नहीं करता।
उसकी आँखें भर आई थीं। मैंने कोई सांत्वना नहीं दी।
सिर्फ उसके पास बैठा रहा। शायद यही वह चीज थी जो वह चाहती थी। कोई उसे यह न कहे कि सब ठीक हो जाएगा। क्योंकि कुछ चीजें ठीक नहीं होतीं। उनके साथ जीना सीखना पड़ता है।
थोड़ी देर बाद उसने पूछा,
अनामिका, तुम्हें अपनी माँ की याद आती है?
कुंदन, बहुत।
अनामिका, तुम्हारे माता-पिता साथ हैं?
कुंदन, माँ हैं। पापा नहीं रहे।
वह चुप हो गई।
अनामिका, कब?
कुंदन, कई साल हो गए।
अनामिका, तुमने कभी बताया नहीं।
कुंदन, तुमने कभी पूछा नहीं।
वह मुझे देखने लगी।
अनामिका और अगर पूछती?
कुंदन, तो बता देता।
अनामिका, तो तुम भी मेरी तरह हो।
कुंदन, किस तरह?
अनामिका, अपने बारे में तभी बताते हो जब कोई बहुत करीब आ जाए।
मैंने मुस्कुराकर कहा, शायद।
उस शाम पहली बार हमने अपने-अपने बचपन के बारे में बातें कीं। मैंने उसे अपने स्कूल के दिनों की बातें बताईं। कैसे गर्मियों की छुट्टियों में गाँव जाता था। कैसे आम के पेड़ पर चढ़ते हुए एक बार गिर गया था और मेरी माँ ने डाँटने के बाद चुपके से मेरे घुटने पर दवा लगाई थी।
वह हँसते-हँसते बोली, तुम बचपन में भी इतने ही गंभीर थे?
कुंदन, नहीं।
अनामिका, फिर?
कुंदन, तब बहुत शरारती था।
अनामिका, विश्वास नहीं होता।
कुंदन, तुमने मुझे हमेशा ऑफिस के बाद देखा है।
अनामिका, और ऑफिस के बाद तुम बूढ़े हो जाते हो?
कुंदन, कुछ ऐसा ही समझ लो।
वह खिलखिलाकर हँसी। उसकी हँसी सुनकर मुझे अच्छा लगा। बहुत अच्छा। क्योंकि छह महीने पहले जिस लड़की की आँखों में सिर्फ थकान दिखाई देती थी, उसकी आँखों में अब कभी-कभी चमक लौट रही थी। शायद हम एक-दूसरे को ठीक नहीं कर रहे थे। शायद हम बस एक-दूसरे को टूटने से बचा रहे थे।
दिन बीतते गए। एक रविवार अनामिका का फोन आया।
अनामिका, कहाँ हो?
कुंदन, घर पर।
अनामिका, क्या कर रहे हो?
कुंदन, कुछ नहीं।
अनामिका, तो चलो।
कुंदन, कहाँ?
अनामिका, पता नहीं।
कुंदन, पता नहीं?
अनामिका, हाँ। आज बिना मंजिल के घूमना है।
मैं हँस पड़ा।
कुंदन, तुम्हारे साथ घूमने के लिए मुझे अपनी छुट्टी भी नहीं पता होनी चाहिए।
अनामिका, बहुत बोलते हो। आधे घंटे में नीचे आओ।
कुंदन, कहाँ?
अनामिका, तुम्हारे घर के नीचे।
मैं खिड़की तक गया। वह सच में नीचे खड़ी थी। हल्के पीले रंग का कुर्ता पहने हुए। बाल खुले थे। हाथ में वही काला बैग।
मैं नीचे आया।
तुम सच में आ गई?
अनामिका, नहीं, मेरा भूत आया है।
कुंदन, आज बहुत मजाक कर रही हो।
अनामिका, आज मन अच्छा है।
हम ऑटो लेकर शहर के पुराने हिस्से की तरफ निकल गए। रास्ते भर वह खिड़की से बाहर देखती रही।
कभी दुकानें। कभी पुराने मकान। कभी सड़क पर खेलते बच्चे। कभी फुटपाथ पर बैठा कोई बूढ़ा।
फिर अचानक उसने कहा,
कुंदन।
हूँ?
अनामिका, तुमने कभी सोचा है कि हर आदमी अपने साथ एक कहानी लेकर चलता है?
कुंदन, हर आदमी?
अनामिका, हाँ।
कुंदन, कैसे?
अनामिका, वो जो चाय बेच रहा है, उसकी भी कोई कहानी होगी। उस रिक्शेवाले की भी। सामने से जा रही उस औरत की भी। उस बच्चे की भी।
मैंने कहा, और हमारी?
उसने खिड़की से नजर हटाकर मेरी तरफ देखा।
अनामिका, हमारी कहानी अभी लिखी जा रही है।
मैं कुछ नहीं बोला। उसने भी नहीं। ऑटो आगे बढ़ता रहा।
हम नदी किनारे जा पहुँचे। शाम होने लगी थी। नदी पर डूबते सूरज की रोशनी फैल रही थी।
अनामिका सीढ़ियों पर बैठ गई।
मुझे यहाँ आना अच्छा लगता है।
कुंदन, पहले आई हो?
अनामिका, बहुत बार।
कुंदन, अकेली?
अनामिका, हाँ।
कुंदन, क्यों?
उसने पानी की तरफ देखते हुए कहा, क्योंकि पानी के सामने बैठकर अपने दुख छोटे लगते हैं।
कुंदन, और खुशियाँ?
अनामिका, वे बड़ी।
मैं उसके पास बैठ गया। कुछ देर हम दोनों चुप रहे। फिर उसने बैग से अपनी डायरी निकाली।
मैंने कहा, फिर वही डायरी?
अनामिका, हाँ।
कुंदन, अब तो मैं पढ़ सकता हूँ?
अनामिका, नहीं।
कुंदन, क्यों?
अनामिका, कुछ बातें अभी भी सिर्फ कागज के लिए हैं।
कुंदन, मुझे लगा हम अब इतने करीब हैं कि सब बता सकती हो।
वह मुस्कुराई और कहा, करीब होने का मतलब यह थोड़ी है कि इंसान अपने भीतर का हर दरवाजा खोल दे।
मैंने उसकी बात स्वीकार कर ली।
ठीक है।
वह कुछ लिखने लगी। मैं नदी को देखता रहा।
कुछ मिनट बाद उसने डायरी बंद की।
कुंदन, क्या लिखा?
अनामिका, तुम्हारे बारे में।
कुंदन, अच्छा?
अनामिका, हाँ।
कुंदन, क्या?
अनामिका, नहीं बताऊँगी।
कुंदन, क्यूँ?
अनामिका, क्योंकि तुम पढ़ोगे तो तुम्हारा चेहरा बदल जाएगा।
कुंदन, इतना अच्छा लिखा है?
अनामिका, शायद।
कुंदन, या इतना बुरा?
अनामिका, शायद।
मैं हँस पड़ा।
तुम रहस्यमयी बहुत हो।
उसने मेरी तरफ देखा।
अनामिका, और तुम बहुत सवाल करते हो।
कुंदन, क्योंकि तुम्हारे जवाब सुनना अच्छा लगता है।
वह कुछ नहीं बोली। लेकिन उसकी मुस्कान देर तक बनी रही।
उस दिन लौटते समय बारिश शुरू हो गई। हम सड़क किनारे एक छोटी-सी दुकान के सामने रुक गए।
चाय वाला दो कुल्हड़ लेकर आया।
अनामिका ने एक मेरी तरफ बढ़ाया, कम चीनी।
मैंने कुल्हड़ लेते हुए कहा, तुम्हें याद है?
अनामिका, कुछ बातें भूलने के लिए नहीं होतीं।
मैंने उसकी तरफ देखा। मेरी बात मुझे ही वापस सुना रही हो?
अनामिका, हाँ।
हम दोनों मुस्कुराए। बारिश तेज हो गई थी। लोग भाग रहे थे। कोई दुकान के अंदर घुस रहा था। कोई अखबार सिर पर रखकर सड़क पार कर रहा था। हम वहीं खड़े चाय पी रहे थे।
अनामिका अचानक बोली, कुंदन।
कुंदन, हाँ?
अनामिका, अगर मैं फिर कभी चली गई तो?
मैंने उसकी तरफ देखा और कहा, कहाँ?
अनामिका, कहीं भी।
कुंदन, तो बताकर जाना।
अनामिका, बस इतना?
कुंदन, हाँ।
अनामिका, तुम रोकने की कोशिश नहीं करोगे?
मैंने कुछ देर सोचा। फिर कहा, जिसे जाना हो, उसे रोककर रखा नहीं जा सकता।
वह चुप हो गई।
लेकिन, मैंने आगे कहा, जिसे रुकना हो, उसके लिए कोई दरवाजा बंद भी नहीं होना चाहिए।
उसने मेरी तरफ देखा। उसकी आँखों में इस बार आँसू नहीं थे। बस एक अजीब-सी शांति थी।
कुछ दिनों बाद अनामिका ने मुझे अपने घर बुलाया। मैं पहली बार उसके घर जा रहा था। पुराना-सा मकान था।
छोटा नहीं था, लेकिन उसमें रहने वालों की कमी साफ महसूस होती थी। दरवाजा खोलते ही एक अजीब-सी खामोशी ने मेरा स्वागत किया। दीवार पर उसकी माँ की तस्वीर लगी थी। फूलों की एक सूखी माला तस्वीर के नीचे रखी थी।
अनामिका कुछ पल तस्वीर के सामने खड़ी रही। फिर बोली, यही है मेरी माँ।
मैंने हाथ जोड़ दिए। बहुत शांत चेहरा है।
अनामिका, हाँ। वह मुस्कुराई। बहुत गुस्सा भी करती थीं।
कुंदन, सच?
अनामिका, बहुत।
कुंदन, फिर तुम उनसे डरती थीं?
अनामिका, नहीं। माँ से डर नहीं लगता था। उनकी नाराजगी से लगता था।
हम अंदर गए। उसने मुझे अपने कमरे में बैठाया। कमरे में किताबें थीं। कुछ पौधे। एक पुरानी मेज और खिड़की के पास एक कुर्सी।
कुंदन, ये माँ की कुर्सी है?
अनामिका, हाँ।
कुंदन, तुमने इसे कभी हटाया नहीं?
अनामिका, नहीं।
कुंदन, क्यों?
अनामिका, क्योंकि मुझे लगता है कभी-कभी वो आकर बैठेंगी।
मैंने उसकी तरफ देखा। वह हँसी।
जानती हूँ, यह बचकानी बात है।
नहीं। मैंने धीरे से कहा, कभी-कभी उम्मीद बचकानी नहीं होती। वही तो हमें जिंदा रखती है।
वह कुछ देर मुझे देखती रही। फिर उसने अलमारी खोली।
एक पुरानी फाइल निकाली।
ये देखो।
फाइल में कई कागज थे। कुछ पुराने पत्र। कुछ तस्वीरें और एक लिफाफा।
माँ ने मेरे लिए छोड़ा था।
कुंदन, पढ़ा?
अनामिका, नहीं।
कुंदन, क्यों?
अनामिका, डर लगता है।
कुंदन, किस बात का?
अनामिका, कहीं उसमें ऐसा कुछ न लिखा हो जिसे पढ़ने के बाद मैं उन्हें फिर से खो दूँ।
मैंने कुछ नहीं कहा। उसने लिफाफा मेरे हाथ में रख दिया।
और कहा तुम पढ़ोगे?
मैं चौंक गया।
मैं?
हाँ।, तुम
यह तुम्हारी माँ की चिट्ठी है।
इसीलिए।
मैंने लिफाफा खोला। अंदर एक छोटा-सा कागज था।
लिखावट बहुत साफ थी। मैं पढ़ने लगा।
अनामिका,
अगर तुम यह पत्र पढ़ रही हो तो शायद मैं तुम्हारे पास नहीं हूँ। मुझे पता है, तुम मुझे बहुत याद करोगी। शायद मुझसे नाराज भी होगी कि मैंने तुम्हें अकेला छोड़ दिया।
लेकिन बेटी, एक बात हमेशा याद रखना।
अकेले रहना और अकेला होना अलग बातें हैं।
जिंदगी में बहुत लोग मिलेंगे। कुछ तुम्हारे साथ रहेंगे, कुछ चले जाएँगे। कुछ तुम्हें समझेंगे और कुछ तुम्हें समझे बिना तुम्हारे बारे में फैसला करेंगे।
लेकिन कभी ऐसा इंसान मिल जाए जिसके सामने तुम्हें अपने आँसू छिपाने की जरूरत न पड़े, तो उसे खोना मत।
रिश्ते हमेशा खून से नहीं बनते। कभी-कभी दो अकेले लोग भी एक-दूसरे का घर बन जाते हैं।
तुम्हारी माँ।
मैं पढ़ते-पढ़ते रुक गया। कमरे में खामोशी थी।
मैंने कागज नीचे कर दिया। अनामिका खिड़की के पास खड़ी थी।
उसकी पीठ मेरी तरफ थी।
तुम रो रही हो?
वह बिना मुड़े बोली,
नहीं।
मैं मुस्कुराया। तुम्हारी आवाज कुछ और कह रही है।
वह पलटी। उसके आँखों में आँसू थे।
मैंने यह पत्र कभी नहीं पढ़ा था।
क्यों?
क्यूंकि डरती थी।
और अब?
वह मेरी तरफ देखकर बोली, अब डर कम लगता है।
क्यों?
उसने जवाब नहीं दिया। बस मेरी तरफ देखती रही।
कुछ रिश्ते वहीं बनते हैं जहाँ शब्द खत्म हो जाते हैं।
उस रात घर लौटकर मैं बहुत देर तक सो नहीं पाया।
मेरे कमरे में भी एक खामोशी थी। लेकिन पहले जैसी नहीं। मैंने अपनी डायरी खोली। कई दिनों से उसमें कुछ नहीं लिखा था।
उस रात मैंने लिखा, आज अनामिका की माँ से मिला। एक तस्वीर के रूप में। एक चिट्ठी के रूप में और शायद उस लड़की की आँखों में, जो अपनी माँ को आज भी हर दिन ढूँढ़ती है। मुझे नहीं पता हमारा रिश्ता क्या है। दोस्ती है, अपनापन है या उससे कुछ ज्यादा।
लेकिन इतना जरूर जानता हूँ कि अब अगर अनामिका उदास होती है तो उसका असर मेरे दिन पर होता है।
शायद यही किसी के करीब आने की शुरुआत है।
मैंने पेन रोक दिया। बहुत देर तक उस आखिरी वाक्य को देखता रहा। फिर डायरी बंद कर दी।
कुछ हफ्ते बहुत अच्छे बीते। हम शहर के अलग-अलग हिस्सों में घूमे। कभी पुस्तक मेले गए। कभी सड़क किनारे गोलगप्पे खाए। कभी बिना वजह घंटों बैठे रहे। कभी वह मेरे ऑफिस के बाहर आकर कहती,
चलो।
मैं पूछता, कहाँ?
वह कहती, जहाँ रास्ता ले जाए।
और हम निकल जाते। धीरे-धीरे लोगों ने भी हमें नोटिस करना शुरू कर दिया था।
चाय वाला एक दिन मुस्कुराकर बोला, साहब, अब चाय दो की बनाऊँ?
मैंने उसकी तरफ देखा। अनामिका हँसने लगी।
मैंने कहा, हाँ, दो की।
चाय वाला बोला, चीनी?
मैंने कहा, एक में कम।
अनामिका ने तुरंत कहा, दोनों में कम।
चाय वाला मुस्कुराया। समझ गया।
हम दोनों एक-दूसरे को देखने लगे। कभी-कभी दूसरों की नजर से अपने रिश्ते को देखना थोड़ा अजीब लगता है।
उस दिन लौटते समय अनामिका बहुत चुप थी।
मैंने पूछा, क्या हुआ?
कुछ नहीं।
फिर चुप क्यों हो?
सोच रही हूँ।
क्या?
लोग हमें क्या समझते होंगे?
मैंने कहा, जो समझना हो समझने दो।
तुम्हें फर्क नहीं पड़ता?
नहीं।
अगर मुझे पड़ता हो तो?
मैं रुक गया। उसने भी कदम रोक दिए।
तुम्हें क्या लगता है? वह कुछ नहीं बोली।
फिर धीमे से बोली, मुझे खुद नहीं पता।
मैंने उसकी ओर देखा। तो जब पता चले, बता देना।
वह मुस्कुराई। और अगर मुझे पता ही न चले?
तब भी साथ बैठेंगे।
वह हँस पड़ी। तुम हर बात को इतना आसान कैसे बना देते हो?
मैंने कहा, क्योंकि जिंदगी में पहले से ही बहुत मुश्किलें
है।
लेकिन हर कहानी में एक ऐसा मोड़ आता है जहाँ खुशियों को भी परीक्षा देनी पड़ती है। अनामिका के भाई का फोन आया। वह अगले सप्ताह भारत आने वाला था।
वह चाहता था कि अनामिका उसके साथ कुछ समय विदेश चले। अनामिका ने मुझे यह बात एक शाम बताई।
हम पार्क की उसी बेंच पर बैठे थे। भैया चाहते हैं कि मैं उनके साथ चली जाऊँ।
मैंने पूछा, कितने दिनों के लिए?
पता नहीं।
तुम जाना चाहती हो?
पता नहीं।
तो समस्या क्या है?
मुझे डर लग रहा है।
किस बात का?
वह मेरी तरफ देखने लगी। फिर से किसी जगह जाकर अकेली हो जाने का।
मैं चुप हो गया। लेकिन अगर मैं नहीं गई तो भैया सोचेंगे कि मैं उनकी जिंदगी से दूर हो रही हूँ।
तुम्हारा भाई है। उसे समझाओ।
सब बातें समझाई नहीं जातीं।
सही है।
कुछ देर बाद उसने पूछा, अगर मैं चली गई तो?
मेरे भीतर कुछ काँपा। लेकिन मैंने वही कहा, जहाँ भी जाओगी, वापस आने की जगह यहाँ रहेगी।
वह मेरी तरफ देखती रही।
तुम्हारे पास?
हाँ।
और अगर मैं वापस न आई?
इस बार मेरे पास कोई जवाब नहीं था। बहुत देर तक मैं चुप रहा। फिर कहा, तब शायद मुझे तुम्हें याद करके जीना सीखना पड़ेगा।
उसकी आँखें भर आईं। तुम मुझे रोक क्यों नहीं रहे।
मैंने धीमे से कहा, क्योंकि मैं तुम्हें प्यार करता हूँ।
वह बिल्कुल स्थिर हो गई। मेरे मुँह से ये शब्द निकल चुके थे। मैं खुद भी पहली बार उन्हें सुन रहा था।
शायद मैं उन्हें काफी पहले से महसूस करता था। लेकिन आज पहली बार स्वीकार किया था।
अनामिका ने नजरें झुका लीं। कुछ देर तक सिर्फ हवा चलती रही।
फिर उसने बहुत धीरे से पूछा, कब से?
मैं मुस्कुराया। शायद उस दिन से जब तुम्हारी डायरी मेरे पैरों के पास आकर रुकी थी।
उसकी आँखों से आँसू गिरने लगे। और मैंने?
तुमने?
शायद उसी दिन से।
मैंने उसकी तरफ देखा। वह रोते हुए मुस्कुरा रही थी।
उस दिन पहली बार हमने एक-दूसरे का हाथ सिर्फ थामा नहीं था। उसमें अपना भरोसा रख दिया था।
अगले कुछ दिन अजीब थे। हम पहले से ज्यादा करीब थे।
लेकिन एक अनजाना डर भी हमारे बीच आ गया था।
जैसे खुशी के साथ हमेशा कोई विदाई चल रही हो।
अनामिका का भाई आया। उसने मुझसे मिलने की इच्छा जताई। हम एक कैफे में मिले। वह गंभीर आदमी था।
बहन की चिंता उसके चेहरे पर साफ दिखाई देती थी।
कुछ देर बातचीत के बाद उसने मुझसे कहा, आप अनामिका के बहुत करीब हैं?
मैंने सच कहा, हाँ।
उसने कुछ क्षण मुझे देखा।
वह बहुत अकेली रही है।
मुझे पता है।
मैं नहीं चाहता कि फिर उसे किसी रिश्ते में चोट मिले।
मैंने कहा, मैं भी नहीं चाहता।
आप उससे प्यार करते हैं?
मैंने उसकी आँखों में देखकर कहा, हाँ।
वह कुछ देर चुप रहा। फिर बोला, उसे खुश रखना आसान नहीं होगा।
मैं हल्का-सा मुस्कुराया। मैं उसे खुश रखने का वादा नहीं कर सकता।
वह मेरी तरफ देखने लगा।
मैं बस इतना वादा कर सकता हूँ कि जब वह दुखी होगी तो उसके पास बैठूँगा।
उसके चेहरे पर पहली बार हल्की मुस्कान आई।
शायद यही उसे चाहिए।
उस रात अनामिका ने मुझे फोन किया। क्या कहा भैया ने?
कुछ खास नहीं।
झूठ।
उन्होंने कहा कि तुम्हें खुश रखना आसान नहीं होगा।
वह हँसी। सच कहा।
और मैंने कहा कि मैं तुम्हें खुश रखने की कोशिश नहीं करूँगा।
तो?
बस तुम्हारे साथ रहूँगा।
फोन के दूसरी तरफ कुछ देर खामोशी रही।
फिर उसने कहा, कुंदन।
हाँ?
माँ सही कहती थीं।
क्या?
दो अकेले लोग सच में एक-दूसरे का घर बन सकते हैं।
मैं कुछ नहीं बोला। वह भी चुप रही।
उस रात पहली बार हमारी बातचीत बिना “गुड नाइट” कहे खत्म हुई।
फोन कट गया था। लेकिन दोनों तरफ नींद नहीं थी।
कुछ दिनों बाद अनामिका ने अपने भाई के साथ विदेश जाने से मना कर दिया।
लेकिन उसने नौकरी बदलने का फैसला किया। उसे दूसरे शहर में एक बेहतर अवसर मिला था। इस बार मैंने उसे रोकने की कोशिश नहीं की।
मैंने सिर्फ पूछा, कितनी दूरी?
लगभग पाँच घंटे।
बस?
बस।
तो फिर चिंता किस बात की?
वह हँसी। तुम्हें दूरी कम लगती है?
जब सामने वाला वापस आने वाला हो तो पाँच घंटे कुछ नहीं होते।
वह मेरे कंधे पर सिर रखकर कुछ देर बैठी रही।
इस बार मैं भागकर नहीं जा रही।
तो?
अपने लिए जा रही हूँ।
मैंने कहा, और हमारे लिए?
उसने सिर उठाकर मेरी तरफ देखा।
हमारे लिए रास्ता खुला रहेगा।
उसके जाने से एक दिन पहले हम फिर उसी बेंच पर बैठे।
शहर में हल्की धुंध थी। लोग कम थे। चाय वाला अपना सामान समेट रहा था। अनामिका ने अपनी डायरी मेरे हाथ में रख दी।
अब सच में तुम्हारी।
लेकिन इसमें तो तुम्हारी जिंदगी है।
नहीं। वह मुस्कुराई। अब हमारी।
मैंने डायरी खोली। आखिरी पन्ने पर लिखा था
कभी-कभी जिंदगी हमें भीड़ में इसलिए अकेला छोड़ देती है ताकि जब कोई अपना मिले तो हम उसकी कीमत समझ सकें।
नीचे एक और पंक्ति थी
कुंदन, अगर कभी मैं दूर हो जाऊँ तो इस बेंच पर आकर बैठ जाना। मैं जहाँ भी रहूँगी, यह मानूँगी कि तुम मेरा इंतजार कर रहे हो।
मैंने डायरी बंद कर दी।
तुम्हें पता है?
क्या?
मैं इंतजार करूँगा।
मुझे पता है।
और तुम?
मैं लौटूँगी।
पक्का?
उसने अपना हाथ मेरी ओर बढ़ाया।
पक्का।
मैंने उसका हाथ थाम लिया।
उस रात हमने कोई बड़े वादे नहीं किए। न हमेशा साथ रहने का। न जिंदगी भर प्यार करने का। न कभी अलग न होने का। बस एक छोटा-सा वादा किया। जहाँ भी रहेंगे, एक-दूसरे से झूठ नहीं बोलेंगे। क्योंकि रिश्ते दूरी से नहीं टूटते। वे झूठ से टूटते हैं।
अगले दिन वह चली गई। इस बार मैं उसे स्टेशन छोड़ने गया। ट्रेन चलने लगी तो उसने खिड़की से हाथ बाहर निकाला। मैं प्लेटफॉर्म पर खड़ा रहा। ट्रेन धीरे-धीरे दूर होती गई। मैं वहीं खड़ा उसे देखता रहा। पहले भी वह गई थी। लेकिन तब उसका इंतजार करने वाला कोई नहीं था।
इस बार था और शायद यही फर्क था। उसके जाने के बाद मैं उसी शाम पार्क गया। पुरानी बेंच पर बैठा। डायरी मेरे पास थी। सामने वही भीड़ थी, बसें, दुकानें, चाय, भागते लोग, हँसते बच्चे, फोन पर बातें करते लोग।
सब कुछ पहले जैसा था। लेकिन मैं पहले जैसा नहीं था।
मैंने डायरी खोली और पहली बार हमारी कहानी लिखनी शुरू की।
पहली पंक्ति थी
भीड़ में अकेला होना आसान है। मुश्किल तब होती है जब भीड़ में किसी एक की कमी महसूस होने लगे।
मैंने लिखना जारी रखा। उस रात बहुत देर तक लिखता रहा और पहली बार मुझे लगा कि शायद मेरी जिंदगी भी किसी कहानी के लायक है। क्योंकि हर कहानी का अंत मिलन नहीं होता। कुछ कहानियाँ इंतजार पर खत्म होती हैं, कुछ भरोसे पर और कुछ इस उम्मीद पर कि दूरी चाहे जितनी हो, कोई लौटकर कहेगा, मैं आ गई।
3 साल बाद मेरा फोन बजा। अनामिका थी।
कहाँ हो?
मैंने कहा, पार्क में।
अभी?
हाँ।
उठो।
क्यों?
बेंच पर कोई बैठा है?
मैंने सामने देखा। वही काला बैग। वही खुली किताब। वही बाल। मैं कुछ क्षण बोल नहीं पाया।
वह फोन पर हँसी। इतने सालों में बोलना भूल गए?
मैं धीरे-धीरे उसकी तरफ बढ़ा। वह खड़ी हो गई। इस बार कोई सवाल नहीं था। कोई शिकायत नहीं। कोई हिसाब नहीं। बस वह मेरे सामने थी।
मैंने कहा, बहुत देर कर दी।
वह मुस्कुराई। तुमने इंतजार करना बंद तो नहीं किया?
मैंने सिर हिलाया, नहीं।
क्यों?
मैंने उसकी डायरी की तरफ देखते हुए कहा, क्योंकि कुछ लोग इंतजार के लायक होते हैं।
उसने मेरा हाथ थाम लिया। शहर की भीड़ हमारे आसपास चलती रही। लेकिन उस शाम हमें भीड़ दिखाई ही नहीं दे रही थी।
क्योंकि हम दोनों जानते थे, अकेलेपन का इलाज भीड़ नहीं है। किसी का हमारे पास होना भी नहीं।
असली सुकून तब मिलता है जब कोई हमारे भीतर के उस हिस्से को भी स्वीकार कर ले, जिसे हम दुनिया से छिपाकर रखते हैं।
अनामिका मेरे साथ चल रही थी।
मैंने पूछा, चाय?
उसने मुस्कुराकर कहा, कम चीनी।
हम दोनों हँस पड़े। पीछे वही पुरानी बेंच रह गई।
शायद कल फिर कोई वहाँ बैठेगा। शायद कोई अपना इंतजार करेगा। शायद कोई अपनी डायरी में कुछ लिखेगा। और शायद उसे भी कोई अजनबी मिल जाएगा।
क्योंकि जिंदगी का यही तो सबसे खूबसूरत रहस्य है, हम अक्सर जिन लोगों को अपनी जिंदगी में तलाशते हैं, उनसे कहीं पहले जिंदगी हमें उनसे मिलाने की तैयारी कर रही होती है।
कभी एक पार्क में, कभी किसी बस स्टैंड पर, कभी किसी किताब के पन्ने के बीच और कभी किसी ऐसी खामोशी में, जहाँ दो लोग पहली बार एक-दूसरे के सामने बैठते हैं और बिना कुछ कहे समझ जाते हैं। हाँ, तुम भी मेरी तरह अकेले हो।
फर्क सिर्फ इतना होता है कि उस मुलाकात के बाद शायद दोनों अकेले नहीं रहते।
मैं और अनामिका भी नहीं रहे। हमने जिंदगी को कोई बहुत बड़ा नाम नहीं दिया। बस साथ कहा। और कभी-कभी एक छोटे-से शब्द में पूरी जिंदगी समा जाती है।
साथ।
समाप्त।
कुंदन राज दत्ता “निश्छल”
Support Writer
Agar कुंदन राज दत्ता "निश्छल" ki is rachna ne aapke hriday ko chhua ho, toh unki kalam aur sahityik prayas ko aage badhane hetu ek chhota sa sneha-sammaan bhent karein:






