Abhi is lekh ko 84 log padh rahe hain

Zindagi Ka Sabse Mushkil Faisla – Part 1

🔊
Aawaz Mein Suniye
Poori rachna Hindi mein sunein
कुंदन राज दत्ता "निश्छल" • Superstar Writer 🔥 27 Din
⏱️ 16 Min Read|👁️ 148 Readers

Zindagi Ka Sabse Mushkil Faisla – Part 1

 

रात के करीब साढ़े ग्यारह बज रहे थे।

 

अस्पताल की तीसरी मंजिल पर बने उस छोटे-से कमरे में पीली रोशनी जल रही थी। बाहर गलियारे में कभी किसी नर्स के कदमों की आवाज सुनाई देती, कभी स्ट्रेचर के पहियों की धीमी चरमराहट। बाकी पूरा अस्पताल जैसे नींद और जागने के बीच किसी अधूरे सपने में ठहरा हुआ था।

 

खिड़की के पास खड़ा अमित लगातार बाहर देख रहा था।बारिश हो रही थी। कांच पर पानी की बूंदें नीचे की ओर भाग रही थीं। कुछ बूंदें बीच में ही रुक जातीं और फिर किसी दूसरी बूंद के साथ मिलकर तेजी से नीचे फिसल जातीं। अमित को न जाने क्यों उन बूंदों में अपनी जिंदगी दिखाई दे रही थी।

अकेली बूंदें, फिर किसी से मिल जाना और आखिर में एक ही रास्ते पर बह जाना।

 

अमित अपने ही विचारों में खोया हुआ था की तभी पीछे से दरवाजा खुला।

 

अमित!

उसने पलटकर देखा। डॉक्टर  सामने खड़े थे।

उनके चेहरे पर वह गंभीरता थी, जिसे देखकर किसी भी इंसान के भीतर अनजाना डर पैदा हो जाता है।

 

अमित, जी डॉक्टर साहब।

 

डॉक्टर, बैठो।

 

अमित कुर्सी पर बैठ गया।

डॉक्टर ने कुछ क्षण तक उसकी तरफ देखा। फिर मेज पर रखी फाइल बंद कर दी।

डॉक्टर, हमें एक फैसला लेना होगा। जो तुम्हारी सहमती के बिना नहीं हो सकती है।

अमित, क्या हुआ है?

डॉक्टर, तुम्हारी माँ की हालत पिछले दो घंटों में काफी बिगड़ी है।

अमित की उंगलियां आपस में कस गईं।

 

लेकिन, आपने तो कहा था कि अभी खतरा टल गया है।”

 

डॉक्टर, मैंने कहा था कि उस समय हालत संभल गई थी। लेकिन अब मामला अलग है।

 

कमरे में कुछ सेकंड तक सिर्फ बारिश की आवाज थी।

 

अमित, क्या करना होगा?

डॉक्टर ने धीरे से कहा, ऑपरेशन।

अमित, तो कर दीजिए।

डॉक्टर, इतना आसान नहीं है।

 

अमित ने डॉक्टर की आंखों में देखा।

क्यों?

डॉक्टर ने एक लंबी सांस ली और फिर कहा ऑपरेशन बहुत जोखिम भरा है। आपकी माँ की उम्र भी ज्यादा है। दिल पहले से कमजोर है। ऑपरेशन के दौरान कुछ भी हो सकता है।

 

अमित, और अगर ऑपरेशन नहीं किया तो?

डॉक्टर चुप रहे। उस चुप्पी में ही जवाब था।

अमित ने नजरें झुका लीं।

कितना खर्च आएगा?

 

डॉक्टर ने जो आंकड़ा बताया, उसे सुन कर अमित के चेहरे का रंग उड़ गया। उसके पास उस रकम का आधा भी नहीं था।

 

डॉक्टर, कल तक इंतजाम कर सकते हैं?

उसके मुंह से बस एक शब्द निकला, नहीं।

 

डॉक्टर कुछ कह पाते, उससे पहले अमित की जेब में रखा फोन बज उठा। स्क्रीन पर नाम था, विकास।

उसका छोटा भाई।

 

अमित ने फोन उठाया और कहा, हां।

दूसरी तरफ से कुछ सेकंड तक कोई नहीं बोला।

फिर विकास की आवाज आई, भैया माँ कैसी हैं?

 

अमित ने आंखें बंद कर लीं, ठीक नहीं हैं।

विकास, डॉक्टर ने क्या कहा?

अमित, ऑपरेशन करना पड़ेगा।

विकास, तो करवा दो।

अमित हल्का-सा हंसा। वह हंसी खुशी की नहीं थी।

पैसे हैं तेरे पास?

दूसरी तरफ खामोशी।

भैया, मैं कोशिश कर रहा हूं।

अमित, कहां से?

विकास, ऑफिस से एडवांस मांग रहा हूं।

अमित, कितना मिलेगा?

विकास, पता नहीं।

अमित ने सिर पीछे दीवार से टिका दिया।

कल सुबह तक चाहिए।

विकास, भैया

अमित, मुझे पता है।

विकास, मैं पूरी कोशिश करूंगा।

 

फोन कट गया। अमित कुछ देर तक फोन को हाथ में लिए बैठा रहा। उसे याद आया, माँ ने बचपन में कहा था, बेटा, जिंदगी में चाहे कितनी भी परेशानी आए, अपने छोटे भाई का हाथ कभी मत छोड़ना।

उस वक्त अमित ने हंसते हुए कहा था,

माँ, ये तो हमेशा मेरे पीछे घूमता है। हाथ छोड़ने की नौबत ही नहीं आएगी। माँ हंसी थीं, वही हंसी, जिसे याद करते ही अमित की आंखें भर आईं।

 

अमित और विकास दो भाई थे। पिता की मौत तब हुई थी, जब अमित पंद्रह साल का था और विकास सिर्फ आठ साल का। गांव के छोटे-से घर में उस दिन के बाद सब कुछ बदल गया था। माँ ने लोगों के घरों में सिलाई शुरू कर दी थी। सुबह चार बजे उठतीं। चूल्हा जलातीं।

दोनों भाइयों के लिए खाना बनातीं। फिर सिलाई मशीन पर बैठ जातीं। अमित कई बार स्कूल से लौटकर देखता तो माँ की आंखों पर मोटा चश्मा चढ़ा होता और पैरों के पास कपड़ों का ढेर पड़ा रहता।

अमित, माँ, इतना काम मत किया करो।

माँ मुस्कराकर कहतीं, तू बस पढ़ाई कर। मेरी चिंता मत कर।

अमित, लेकिन आप थक जाती हैं।

मां थकती नहीं है रे।

तब अमित को लगता था कि सचमुच मां कभी नहीं थकती। बाद में समझ आया था, मां थकती जरूर है।

बस बच्चों के सामने थकना नहीं चाहती।

अमित ने पढ़ाई पूरी की और शहर में नौकरी लग गई।

विकास ने भी कॉलेज किया। दोनों भाई अलग-अलग शहरों में रहने लगे। शुरू में फोन रोज होता था, फिर दो दिन में, फिर हफ्ते में।

 

और धीरे-धीरे जिंदगी की व्यस्तताओं ने उन दोनों के बीच दूरी बढ़ा दी।

 

माँ हमेशा दोनों के बीच पुल बनी रहीं।

माँ, विकास से बात हुई?

अमित, नहीं।

माँ, कर लिया कर।

अमित, समय नहीं मिलता माँ।

माँ, समय बनाया जाता है बेटा।

 

अमित हंसकर बात टाल देता। उसे क्या पता था कि एक दिन यही बात उसके भीतर हथौड़े की तरह बजती रहेगी।

 

रात के दो बज चुके थे। अमित अस्पताल के बाहर वाली बेंच पर बैठा था। उसके सामने चाय का कप रखा था, लेकिन चाय कब की ठंडी हो चुकी थी। उसने जेब से बटुआ निकाला। कुछ नोट, एक एटीएम कार्ड, दो क्रेडिट कार्ड और एक छोटी-सी तस्वीर।

 

तस्वीर में माँ थीं। करीब दस साल पुरानी। उनके चेहरे पर वही मुस्कान थी।

अमित ने तस्वीर को अंगूठे से साफ किया।

माँ

उसकी आंखों से आंसू निकल पड़े।

आपने हमें कभी कुछ मांगने नहीं दिया। आज मैं आपके लिए इतना भी नहीं कर पा रहा।

 

पीछे से आवाज आई, भैया

अमित ने मुड़कर देखा, विकास खड़ा था।

कपड़े भीगे हुए थे, बालों से पानी टपक रहा था।

अमित तुरंत उठ गया।

अमित, तू इतनी रात में कैसे आया?

विकास, बस से।

अमित, पैसे?

विकास ने जेब से कुछ कागज निकाले।

विकास, ऑफिस से एडवांस मिला है।

अमित, कितना?

विकास, दो लाख।

अमित ने सिर हिलाया, बहुत कम है।

विकास, जानता हूं।

अमित, बाकी?

विकास, मैंने अपनी बाइक बेच दी।

अमित ने उसकी तरफ देखा।

अमित, क्या? बाइक बेच दी। तू पागल है।

विकास हल्का-सा मुस्कराया।

हमारे के लिए बाइक बड़ी है या माँ?

अमित के पास कोई जवाब नहीं था। दोनों भाई कुछ देर तक एक-दूसरे को देखते रहे।

फिर विकास ने पूछा, कितना और चाहिए?

अमित, लगभग तीन लाख।

विकास ने नजरें झुका लीं।

मेरे पास अब कुछ नहीं है।

अमित, मेरे पास भी नहीं।

दोनों फिर चुप हो गए।

अचानक विकास बोला, भैया, एक रास्ता है।

अमित ने उसकी ओर देखा और कहा क्या?

विकास, गांव वाला घर।

अमित का चेहरा सख्त हो गया।

नहीं।

विकास, क्यों?

अमित, वो घर नहीं बिकेगा।

विकास, लेकिन माँ की जान।

अमित, मैंने कहा न, घर नहीं बिकेगा।

विकास चुप हो गया।

 

वही घर, जिसकी दीवारों में उनके बचपन की आवाजें थीं। आंगन में वह नीम का पेड़। बरामदे में पिता की पुरानी चारपाई। रसोई की वह दीवार, जिस पर माँ ने कभी उनके कद के निशान बनाए थे।

वही घर, जहां पहली बार अमित ने विकास को हाथ पकड़कर चलना सिखाया था। वही घर, जहां पिता की अर्थी उठी थी। वही घर, जहां माँ ने अकेले दोनों बेटों को बड़ा किया था। वह सिर्फ मकान नहीं था। वह उनकी पूरी जिंदगी था।

हम घर नहीं बेचेंगे। अमित ने फिर कहा।

 

विकास ने धीरे से पूछा, फिर क्या बेचेंगे?

अमित ने उसकी तरफ देखा।

विकास की आंखों में आंसू थे, भैया हमारे पास घर के अलावा है ही क्या?

 

सुबह होने में अभी समय था। अमित अस्पताल की कैंटीन के बाहर खड़ा था। वह लगातार सोच रहा था।

एक तरफ माँ की जिंदगी, दूसरी तरफ घर।

वह घर जिसे बेचने का मतलब था अपने अतीत का आखिरी सहारा खो देना।

लेकिन क्या किसी घर की कीमत एक इंसान की जिंदगी से ज्यादा हो सकती है? उसने सिर झटक दिया।

नहीं।

लेकिन फिर मन ने सवाल किया, अगर ऑपरेशन असफल हो गया तो?

घर भी चला जाएगा और माँ भी?

और अगर ऑपरेशन नहीं करवाया तो? क्या वह जिंदगी भर खुद को माफ कर पाएगा? उसके सामने कोई सही विकल्प नहीं था।

दोनों रास्ते दर्द से भरे थे। यही तो जिंदगी का सबसे मुश्किल फैसला होता है।

जब सही और गलत के बीच नहीं, बल्कि दो सही चीजों के बीच चुनाव करना पड़े।

 

सुबह डॉक्टर ने उन्हें बुलाया।

डॉक्टर, ऑपरेशन आज ही करना होगा।

अमित ने पूछा, कितना समय है?

डॉक्टर, जितना जल्दी हो सके।

अमित, अगर पैसे पूरे न हुए तो?

डॉक्टर कुछ क्षण चुप रहे, फिर बोले, अस्पताल प्रशासन से बात कर लो। कुछ व्यवस्था हो सकती है।

 

अमित प्रशासनिक कार्यालय की ओर चला गया।

वहां उसे बताया गया कि अस्पताल कुछ रकम जमा होने के बाद ऑपरेशन शुरू कर सकता है।

 

कुछ रकम, यानी फिर भी पैसे चाहिए थे।

वह बाहर आया।

विकास दीवार से लगा खड़ा था।

क्या हुआ?

अमित, कुछ इंतजाम हो सकता है।

विकास, कितना?

अमित, लेकिन पैसे फिर भी चाहिए।

विकास ने मोबाइल निकाला।

मैं किसी से उधार मांगता हूं।

अमित, किससे?

विकास, दोस्तों से।

अमित, कितने दोस्त तीन लाख देंगे?

विकास ने फोन नीचे कर लिया। फिर उसने धीरे से कहा, एक से शायद मिल जाए।

अमित, कौन?

विकास, राघव।

अमित चौंका। राघव उनका चचेरा भाई था। दोनों परिवारों में कई सालों से बोलचाल बंद थी। जमीन के एक पुराने विवाद ने रिश्तों में इतनी कड़वाहट भर दी थी कि शादियों में भी एक-दूसरे का चेहरा देखने से लोग बचते थे।

अमित, उससे मत मांगना।

विकास, क्यों?

अमित, मैं नहीं चाहता।

विकास, भैया, अभी हमारा अहंकार बड़ा है या माँ?

अमित चुप हो गया। विकास ने फोन मिला दिया।

काफी देर बाद दूसरी तरफ से आवाज आई।

हेलो?

राघव भैया, मैं विकास।

कुछ सेकंड खामोशी।

हाँ, बोल।

विकास, माँ अस्पताल में हैं।

दूसरी तरफ से आवाज अचानक बदल गई।

क्या हुआ चाची को?

विकास ने सब बताया। फिर धीमे स्वर में बोला, कुछ पैसों की जरूरत है।

राघव, कितने?

विकास, तीन लाख।

कुछ सेकंड तक फिर चुप्पी रही।

फिर राघव ने कहा, खाता नंबर भेज।

विकास की आंखें भर आईं।

भैया

राघव, वक्त खराब है। हिसाब बाद में कर लेंगे।

विकास, लेकिन हमारा झगड़ा?

राघव हंस पड़ा, किस बात का झगड़ा?

विकास कुछ नहीं बोला।

राघव ने कहा, तेरी माँ ने बचपन में मुझे भी उतना ही डांटा है जितना तुम्हें। वो सिर्फ तुम्हारी माँ नहीं हैं।

फोन कट गया। विकास वहीं बैठ गया।

अमित ने पहली बार उसकी तरफ देखकर मुस्कराया।

शायद हम दोनों ही बेवकूफ थे।

विकास ने पूछा, क्यों?

अमित, इतने साल हम एक कागज के टुकड़े के पीछे रिश्ते खोते रहे।

 

पैसे का इंतजाम हो गया। ऑपरेशन की तैयारी शुरू हुई।

माँ को ऑपरेशन थिएटर की तरफ ले जाया जा रहा था।

अमित उनके साथ चल रहा था। माँ बेहोशी की दवा के असर में थीं, लेकिन आंखें खुलीं तो उन्होंने अमित को देखा।

 

माँ, तू आया?

अमित की आंखें भर आईं।

हां माँ।

माँ, विकास?

अमित, यहीं है।

माँ ने हल्की मुस्कान दी।

तुम दोनों साथ हो?

अमित ने विकास की तरफ देखा। विकास ने मां का हाथ पकड़ लिया।

विकास, हां माँ।

माँ ने दोनों के हाथों को अपने हाथों में लेने की कोशिश की। कमजोरी के कारण हाथ कांप रहे थे।

माँ, लड़ना मत।

अमित ने सिर झुका लिया।

नहीं लड़ेंगे।

घर, माँ ने बहुत धीमे कहा।

घर मत बेचना।

अमित की सांस रुक गई, माँ

माँ, वो घर तुम्हारे पिता की आखिरी निशानी है।

अमित की आंखों से आंसू गिरने लगे।

माँ ने दोनों भाइयों को देखा।

लेकिन अगर कभी ऐसी नौबत आए कि घर बचाने के लिए मुझे खोना पड़े, तो घर बेच देना।

दोनों भाई सन्न रह गए।

माँ ने कहा, ईंटें दोबारा जुड़ जाती हैं बेटा, इंसान वापस नहीं आता।

इतना कहकर उन्होंने आंखें बंद कर लीं। स्ट्रेचर ऑपरेशन थिएटर के अंदर चला गया। दरवाजा बंद हो गया।

लाल बत्ती जल उठी। दोनों भाई बाहर कुर्सियों पर बैठ गए।

 

तीन घंटे।

चार घंटे।

पांच घंटे।

 

समय जैसे रुक गया था। अमित कभी उठता, कभी बैठता। विकास चुपचाप सामने की दीवार देख रहा था।

 

चाय? अमित ने पूछा।

नहीं, विकास ने कहा।

अमित, कुछ खा ले।

विकास, भूख नहीं है।

अमित, मुझे भी नहीं है।

फिर दोनों चुप हो गए।

छठे घंटे डॉक्टर बाहर आए। दोनों भाई एक साथ खड़े हो गए।

डॉक्टर?

 

डॉक्टर ने मास्क नीचे किया। ऑपरेशन सफल रहा।

विकास की आंखें बंद हो गईं। अमित ने जैसे पहली बार सांस ली।

डॉक्टर, लेकिन अभी चौबीस घंटे महत्वपूर्ण हैं।

अमित, माँ होश में कब आएंगी?

डॉक्टर, कुछ घंटे लगेंगे।

 

डॉक्टर चले गए। विकास ने अमित को गले लगा लिया।

दोनों भाई बहुत देर तक रोते रहे। वह रोना दुख का नहीं था। शायद वर्षों से जमा हुई बहुत-सी चीजों का था।

पिता के जाने का, माँ की मेहनत का, अपने झगड़ों का, बिछड़ने का और फिर एक-दूसरे को वापस पा लेने का।

 

दो दिन बाद माँ को होश आया। उन्होंने सबसे पहले पानी मांगा। विकास ने गिलास उनके होंठों से लगाया।

माँ ने आंखें खोलकर दोनों बेटों को देखा।

माँ, इतने उदास क्यों हो?

अमित हंस पड़ा। आपको कुछ नहीं हुआ, फिर भी सवाल पूछ रही हैं।

माँ ने कमजोर आवाज में कहा, मैं मरने वाली नहीं हूं अभी।

विकास ने मजाक किया, आपकी डांट सुनने के लिए तो हमें जिंदा रहना ही पड़ेगा।

माँ मुस्करा दीं। कमरे में पहली बार हंसी गूंजी।

कुछ देर बाद माँ ने पूछा, घर बचा?

अमित ने कहा, हां।

माँ, कैसे?

विकास, राघव भैया ने पैसे दिए।

माँ कुछ पल चुप रहीं। फिर उनकी आंखें भर आईं।

मैंने कहा था न, रिश्ते कभी पूरी तरह खत्म नहीं होते।

 

एक महीने बाद माँ गांव लौट गईं। दोनों भाइयों ने फैसला किया कि अब घर बंद नहीं रहेगा। अमित ने शहर की नौकरी के साथ गांव में छोटा-सा पुस्तकालय खोलने की जिम्मेदारी ली। विकास ने अपनी नौकरी जारी रखी, लेकिन हर महीने कुछ दिन गांव आने लगा।

राघव भी आने लगा। धीरे-धीरे पुराना झगड़ा खत्म हो गया।

एक दिन आंगन में बैठे अमित ने देखा कि माँ नीम के पेड़ के नीचे चारपाई पर बैठी हैं। उनके हाथ में वही पुरानी सिलाई मशीन थी।

अमित हंसते हुए बोला, अब भी सिलाई करोगी?

माँ ने कहा, आदत है।

अमित, डॉक्टर ने आराम करने को कहा है।

माँ, डॉक्टर अपनी जगह सही है। लेकिन मेरा मन मेरी जगह।

विकास बोला, माँ, अब आपको काम करने की जरूरत नहीं है।

माँ ने दोनों को देखा।

काम करने की जरूरत नहीं है, लेकिन जीने की जरूरत है।

अमित मुस्करा दिया। शाम का सूरज नीम की पत्तियों के बीच से झांक रहा था। आंगन की दीवार पर आज भी दो निशान बने थे, एक थोड़ा ऊंचा और एक थोड़ा छोटा।

माँ ने कभी उन निशानों के पास तारीख लिखी थी।

अमित ने उंगली से उन्हें छुआ।

माँ, ये निशान अभी भी हैं।

माँ, क्यों नहीं होंगे?

अमित, सोचा था घर की मरम्मत में मिट गए होंगे।

माँ ने मुस्कराकर कहा, कुछ निशान मिटाने के लिए नहीं होते।

अमित कुछ कह नहीं पाया। उसे अचानक वह रात याद आ गई।

अस्पताल का कमरा, डॉक्टर का चेहरा, पैसों की कमी, घर बेचने का विचार और वह सवाल, जिंदगी और घर में किसे चुना जाए?

 

तब उसे लगा था कि उसे जिंदगी चुननी पड़ेगी और घर खोना पड़ेगा।

लेकिन आज उसे समझ आया था कि असली फैसला घर और जिंदगी के बीच नहीं था।

असली फैसला था, क्या वह अपने डर को चुनेगा या अपने रिश्तों को? उस रात उसने पहली बार समझा था कि जिंदगी हमेशा हमें आसान विकल्प नहीं देती।

कभी-कभी वह हमारे सामने दो ऐसे रास्ते रख देती है, जिन पर चलने से दर्द होना तय होता है।

फर्क सिर्फ इतना होता है कि एक रास्ता हमें भीतर से तोड़ देता है और दूसरा हमें बदल देता है। उसने अपने डर को पीछे छोड़कर माँ को चुना था और उस फैसले ने सिर्फ माँ की जान नहीं बचाई थी। उसने दो भाइयों को फिर से भाई बना दिया था। एक टूटे हुए रिश्ते को जोड़ दिया था। एक पुराने झगड़े को खत्म कर दिया था और उस घर को भी बचा लिया था, जिसे वे लगभग अपनी जिंदगी का सबसे बड़ा बोझ समझने लगे थे।

 

माँ ने आवाज दी, अमित!

अमित, जी माँ?

माँ, चाय बनेगी?

अमित हंस पड़ा, अभी बनाता हूं।

 

विकास ने तुरंत कहा, आज चाय मैं बनाऊंगा।

तू? अमित ने मजाक उड़ाया।

तुझे चाय बनानी आती है?

विकास, आज सीख लूंगा।

माँ ने दोनों को देखते हुए कहा, बस चाय में चीनी कम मत डालना। जिंदगी में वैसे ही बहुत कड़वाहट खा चुके हो तुम लोग।

तीनों हंस पड़े। आंगन में नीम के पत्ते हवा से हिल रहे थे।

दूर कहीं मंदिर की घंटी बज रही थी। सूरज धीरे-धीरे ढल रहा था। अमित ने आसमान की तरफ देखा।

उसे लगा, पिता शायद कहीं से उन्हें देख रहे होंगे।

उसने मन ही मन कहा, पिताजी घर बच गया।

फिर कुछ सोचकर उसने मुस्कराते हुए खुद को सुधारा, नहीं घर ही नहीं, हम भी बच गए।

और शायद जिंदगी के सबसे मुश्किल फैसले का यही सबसे सुंदर सच था।

 

कभी-कभी हमें लगता है कि हम किसी एक चीज को बचाने के लिए दूसरी चीज खो रहे हैं। लेकिन सही फैसला वही होता है, जो अंत में हमें हमारी खोई हुई चीजों से मिलवा दे।

अमित ने उस दिन कोई बड़ी जीत हासिल नहीं की थी।

उसने बस अपनी माँ को बचाने की कोशिश की थी।

लेकिन उस कोशिश में उसने अपने भीतर का वह इंसान वापस पा लिया था, जिसे जिंदगी की भागदौड़ कहीं पीछे छोड़ आई थी।

वह इंसान, जो कभी अपनी माँ के पास बैठकर बिना किसी वजह के घंटों बातें किया करता था।

वह भाई, जो विकास की छोटी-सी चोट पर भी बेचैन हो जाता था।

वह बेटा, जिसे मां की थकी आंखों के पीछे छिपी तकलीफ समझ आती थी।

वह आदमी, जिसे आखिरकार समझ आया था कि जिंदगी की सबसे बड़ी कमाई बैंक खाते में नहीं होती।

वह उन लोगों में होती है, जिनके लिए हम आधी रात को अपना सब कुछ छोड़कर दौड़ पड़ते हैं।

और जिनके लिए जरूरत पड़ने पर अपने सबसे मुश्किल फैसले भी ले सकते हैं।

नीम के नीचे बैठी माँ ने फिर आवाज लगाई,

अमित, चाय में अदरक डालना।

अमित, जी माँ।

माँ, और विकास,

विकास, हां माँ?

माँ, चीनी तू डालना।

विकास ने हंसकर कहा, कितनी?

माँ ने मुस्कराते हुए कहा, जितनी तुम्हारे रिश्ते में होनी चाहिए।

 

दोनों भाई एक-दूसरे की तरफ देखने लगे। फिर बिना कुछ कहे मुस्करा दिए। उस शाम उनके घर में चाय कुछ ज्यादा मीठी थी। शायद इसलिए नहीं कि उसमें चीनी ज्यादा थी। बल्कि इसलिए कि कई साल बाद उस घर में रिश्तों की मिठास वापस लौटी थी।

और अमित जानता था, उसने जिंदगी का सबसे मुश्किल फैसला लिया था।

लेकिन शायद, वही उसकी जिंदगी का सबसे सही फैसला भी था।

 

कुंदन राज दत्ता “निश्छल”

Email

Dharavahik Series
emotional story — Sabhi Bhaag
भाग 1
The Whispers in the Wind heart touching English Story
Padhein →
भाग 2
खूबसूरत प्रेम कहानी: मन की शक्ति - पहले प्यार से सच्चे प्यार तक
Padhein →
Maa Ki Chithi: 1 Unforgettable भावुक हिंदी कहानी Maa Ki Chithi: 1 Unforgettable भावुक हिंदी कहानी
Padhein →
भीड़ में अकेली भीड़ में अकेली
Padhein →
भीड़ में अकेलापन: एक दास्तां भीड़ में अकेलापन: एक दास्तां
Padhein →
भेड़ में अकेलापन: एक दास्तां भेड़ में अकेलापन: एक दास्तां
Padhein →
जिंदगी का सबसे मुश्किल फैसला जिंदगी का सबसे मुश्किल फैसला
Padhein →
वो अधूरी मुलाकात और खामोशियां वो अधूरी मुलाकात और खामोशियां
Padhein →
रिश्तों की असली कीमत रिश्तों की असली कीमत
Padhein →
एक चिट्ठी जो कभी भेजी नहीं गई एक चिट्ठी जो कभी भेजी नहीं गई
Padhein →
एक चिट्ठी जो कभी भेजी नहीं गई एक चिट्ठी जो कभी भेजी नहीं गई
Padhein →
समय बड़ा बलवान रे भैया समय बड़ा बलवान रे भैया
Padhein →
Zindagi Ka Sabse Mushkil Faisla - Part 1 Zindagi Ka Sabse Mushkil Faisla - Part 1
Padh Rahe Hain
अपनी ही परछाई अपनी ही परछाई
Padhein →
धनतेरस और झाड़ू का रहस्य धनतेरस और झाड़ू का रहस्य
Padhein →
अच्छा तो हम चलते हैं अच्छा तो हम चलते हैं
Padhein →
परछाई से मुलाकात - भाग 2 परछाई से मुलाकात - भाग 2
Padhein →
सौदागर सौदागर
Padhein →
दीपावली: दिलों को जोड़ने वाला प्रकाश दीपावली: दिलों को जोड़ने वाला प्रकाश
Padhein →
Pathak Raye Poll 0 Votes
Agle bhaag mein kahani ka rukh kya hona chahiye?
✍️✨

Support Writer

Agar कुंदन राज दत्ता "निश्छल" ki is rachna ne aapke hriday ko chhua ho, toh unki kalam aur sahityik prayas ko aage badhane hetu ek chhota sa sneha-sammaan bhent karein:

(GPay, PhonePe, Paytm, ya kisi bhi UPI app dwara seedhe surakshit bhent)

Leave a Comment

Share Agla Bhaag →
Author

Muktika Sahityakar