निशब्द प्रेम
प्रेम की परिभाषा
प्रेम की परिभाषा क्या है ? क्या एक इंसान के लिए जो प्रेम है वही दूसरे के लिए भी उसकी परिभाषा है। या हर इंसान के लिए प्रेम की अलग अलग परिभाषा होती है? क्या किसी का प्रेम एसा भी होता है कि उसने जिससे वह प्रेम करता है उससे कभी कुछ कहा ही नहीं यानी उन्होंने कभी प्रेम की अभिव्यक्ति नहीं करी पर उनका प्रेम एसा था कि वह सब को निशब्द कर गया।
जिम्मेदारियाँ
नारायण जी अपने पाँच भाई – बहनों में सबसे बढ़े थे। फिर छोटी दो बहनें थी फिर दो छोटे भाई थे। जब वे अठारह साल के ही हुए थे कि उनकी माँ बीमारी के कारण चल बसी। सबने उनके पिता से कहा कि वे दूसरी शादी कर लें पाँच बच्चों को कौन संभालेगा।
पर पिता ने मना कर दिया। और खुद शादी करने के बजाय जब नारायण की इक्कीस साल के हुए तो उनकी शादी एक गरीब बीस साल की लड़की से कर दी। ताकि बेटियों की शादी के बाद बहू घर सँभाल सके। घर में तीन ही कमरे थे एक पिताजी का और एक कमरे में दोनों बहनें सोती थी और एक मैं वे तीन भाई।
घर में जगह कम थी पर लोग अधिक तो बेचारे अपनी पत्नि से बात भी नहीं कर पाते थे। ऊपर से गाँव का माहौल दोनों को शर्म ही बहुत आती थी। कुछ समय बाद बड़ी बहन की शादी हो गयी। और फिर दो साल बाद छोटी बहन की शादी की शादी भी हो गयी।
दोनों बहनों की शादी के बाद अब उनके पास अपना कमरा हो गया था। दोनों पति-पत्नी पूरे समय घर के काम में ही लगे रहते थे। धीरे-धीरे शादी को पाँच साल हो गये। अब लोग बच्चे के लिए बोलने लगे। क्योंकि उनका अभी तक कोई बच्चा नहीं था। कोई उनसे बच्चे के लिए बोलता तो वह कह देते की उनके दो छोटे भाई हैं वहीं उनके बच्चे हैं।
जब दो साल तक और घर में खुश खबरी नहीं आयी तो पिताजी ने नारायण जी और उनकी पत्नि को शहर जाँच कराने के लिए भेजा। शहर में जाँच कराने पर पता चला कि उनकी पत्नि कभी माँ नहीं बन सकती है। अब नारायण जी परेशान हो गए कि क्या करें पिताजी को कैसे बताएँ कि जाँच की रिपोर्ट में क्या आया।
पत्नि भी बार – बार यही पूछ रही थी कि जाँच में क्या आया। पत्नि पढ़ी – लिखी नहीं थी तो रिपोर्ट पढ़ नहीं पायी। तो उससे नारायण जी ने कह दिया कि मेरे में कमी है मैं पिता नहीं बन सकता हूँ।
घर आकर उन्होंने अपने पिताजी से भी यही बोल दिया कि वे पिता नहीं बन सकते हैं। इससे उनकी पत्नि की समस्या तो हल हो गयी क्योंकि अगर वे घर में बोल देते की उनकी पत्नि में कमी है तो पिताजी तुरन्त उनका दूसरा ब्याह करा देते। अब कमी उनमें ही थी तो कोई क्या कर सकता था।
धीरे – धीरे वक्त बितता गया। दोनों भाई बड़े हो गए उनकी शादी भी हो गयी। बच्चे भी हो गये। उनकी पत्नि जब उनके भाईयों के बच्चों को देखती तो उसके अंदर भी एक बच्चे की ललक उठती। जिसे नारायण जी बहुत अच्छी तरह से शांत करते और भाईयों के बच्चों को ही अपना समझने के लिए बोलते।
कुछ समय बाद नारायण जी की पत्नि बीमार हो गयी। पत्नि के इलाज में नारायण जी ने धरती आसमान एक कर दिया। पर पत्नि की तबियत ठीक होने के बजाय और बिगड़ती जाती। और उसी के साथ नारायण जी की सेहत भी गिरती जाती। दोनों बहुत कमजोर हो गये थे। भाई लोग उनकी खूब सेवा करते पर नारायण जी कमजोर होते जा रहे थे।
एक दिन रात में पत्नि ने उनसे पानी माँगा। उन्होंने पत्नि को पानी पिलाया और फिर दोनों सो गए। अगली सुबह जब काफी देर तक वे दोनों नहीं जागे तो भाइयों ने दरवाजा खटखटाया। जब दरवाजा नहीं खुला तो उन्होंने दरवाजा तोड़ दिया। दरवाजा तोड़ कर जब वे अन्दर पहुँचे तो देखा नारायण जी पलंग में दीवार सहारे बैठे हुए हैं और उनकी पत्नि उनकी गोद में है। पर दोनों के शरीर में जान नहीं थी। रात में शायद पानी पिलाने के बाद जब पत्नि के प्राण निकल गए होंगे तो नारायण जी ने उसे गोद में रखा होगा। क्योंकि उनके चेहरे पर आंसुओ के निशान थे। जिससे लगता था कि वे रोये भी होंगे।
दोनों पति पत्नी की शव यात्रा एक साथ निकली लोग उनके प्यार की चर्चा कर रहे थे और बोल रहे थी कि प्रेम हो तो एसा जिसने लोगों की निशब्द कर दिया। तेरहवीं के बाद जब भाइयों ने उनका कमरा साफ किया तो उसमें उन्हें उनका एक पुराना संदूक मिला। जिसमें जंक लगा ताला लगा था। शायद काफी सालों से वह ताला खुला ही नहीं था।
मूक प्रेम
भाइयों ने पत्थर से उस ताले की तोड़ दिया और संदूक को खोल दिया तो उसमें से उन्हें सिर्फ एक लिफाफा मिला जिसमें कुछ कागज थे। जब उन्होंने उस लिफाफे को खोला तो उसमें से वही डॉक्टर की जाँच की रिपोर्ट निकली जो नारायण जी और उनकी पत्नि ने सालों पहले बच्चे नहीं होने पर करायी थी। रिपोर्ट देखकर सब लोग निशब्द हो गये। क्योंकि रिपोर्ट में लिखा था कि नारायण जी पिता बन सकते थे पर उनकी पत्नि माँ नहीं बन सकती थी।
सब लोग नारायण जी का अपनी पत्नि के लिए प्रेम देखकर निशब्द रह गए थे। उन्होंने जिन्दगी भर ये कलंक अपने सर लिया और अपनी पत्नि को किसी के सामने लज्जित नहीं होने दिया। वरना सभी जानते हैं कि अगर कोई स्त्री माँ नहीं बन पाती है तो समाज उसे बाँझ – बाँझ बोलकर उसका जीना दूभर कर देता है। नारायण जी ने बिना कुछ एक शब्द बोले अपनी पत्नि से अटूट प्रेम का परिचय दिया और सबको निशब्द कर दिया। धन्यवाद
Bhawana Bhatt
स्वरचित और मौलिक
आपको मेरी रचना कैसी लगी समीक्षा देकर जरूर बताईयेगा । अगर आपको मेरी रचना आयी है तो मुझे फालो कीजिए और मुझे प्रोत्साहन दीजिए। आपकी समीक्षा मुझे लिखने की प्रेरणा देती हैं। धन्यवाद
Sahityik sandarbh hetu Hindi Sahitya padhein.
Support Writer
Agar Bhawana Bhatt ki is rachna ne aapke hriday ko chhua ho, toh unki kalam aur sahityik prayas ko aage badhane hetu ek chhota sa sneha-sammaan bhent karein:







