Overthinking आखिर क्यों होती है? जानिए इसके कारण और इससे बाहर निकलने के आसान तरीके
क्या आप भी छोटी-छोटी बातों को सोचकर अपना पूरा दिन खराब कर लेते हैं? क्या पढ़ाई करते समय आपका ध्यान किताबों से ज्यादा अपने बीते हुए कल और आने वाले कल पर रहता है? अगर हाँ, तो आप अकेले नहीं हैं। यह समस्या बहुत से लोगों के साथ होती है, खासकर उन विद्यार्थियों के साथ जो पढ़ाई और भविष्य को लेकर जरूरत से ज्यादा सोचते हैं।
Overthinking आखिर होती क्यों है?
Overthinking यानी किसी एक बात के बारे में जरूरत से ज्यादा सोचना। कभी-कभी यह सोच इतनी बढ़ जाती है कि हम वर्तमान में जीना ही भूल जाते हैं। हम एक छोटी-सी बात को बार-बार अपने दिमाग में दोहराते रहते हैं और धीरे-धीरे वही बात हमारी परेशानी बन जाती है।
सबसे बड़ी बात यह है कि Overthinking हमसे पूछकर नहीं आती। कई बार हम खुद भी नहीं समझ पाते कि आखिर हमारा दिमाग एक ही बात को बार-बार क्यों सोच रहा है।
मुझे भी कभी-कभी Overthinking होती है। मैंने अक्सर महसूस किया है कि जब हम किसी बात को जरूरत से ज्यादा सोचने लगते हैं, तो हमारा बहुत सारा समय बर्बाद हो जाता है।
खासतौर पर उन विद्यार्थियों का, जो पढ़ाई करते समय अपनी पढ़ाई पर ध्यान देने के बजाय बेफिजूल की बातों में उलझ जाते हैं।
Overthinking की शुरुआत कहाँ से होती है?
अक्सर Overthinking की शुरुआत हमारे अतीत से होती है।
– हमारा पिछला रिजल्ट खराब क्यों हुआ?
– मेरा किसी परीक्षा में सिलेक्शन क्यों नहीं हुआ?
– किसी ने मुझसे ऐसी बात क्यों कह दी?
– मैंने उस समय ऐसा जवाब क्यों नहीं दिया?
– अगर इस बार भी असफल हो गया तो क्या होगा?
– मेरा भविष्य कैसा होगा?
ये कुछ ऐसे सवाल हैं जो हमारे दिमाग में बार-बार आते रहते हैं।
मान लीजिए आपने कोई परीक्षा दी और आपका पेपर थोड़ा खराब हो गया। अब आपको पता है कि परीक्षा खत्म हो चुकी है और जो होना था, वह हो चुका है। लेकिन फिर भी आप उसी पेपर के बारे में सोचते रहते हैं।
कभी एक सवाल याद आता है, कभी दूसरा। फिर मन में डर आने लगता है कि रिजल्ट खराब हो गया तो क्या होगा?
ऐसा करते-करते आप अपने कई दिन, कभी-कभी कई सप्ताह तक इसी सोच में निकाल देते हैं।
हैरानी की बात यह है कि इस दौरान हम पढ़ाई तो कर रहे होते हैं, लेकिन हमारा पूरा ध्यान पढ़ाई में नहीं होता। किताब हमारे सामने खुली होती है, लेकिन दिमाग में कुछ और ही चलता रहता है।
Students की पढ़ाई पर Overthinking का क्या असर पड़ता है?
विद्यार्थियों के लिए Overthinking एक बड़ी परेशानी बन सकती है।
जब हम पढ़ने बैठते हैं, तो हमारा उद्देश्य कुछ नया सीखना और अपने लक्ष्य की तरफ आगे बढ़ना होता है। लेकिन जब दिमाग में पुरानी बातें, खराब रिजल्ट और भविष्य की चिंता चलती रहती है, तो पढ़ाई में मन लगाना मुश्किल हो जाता है।
इसके कारण:
1. पढ़ाई में एकाग्रता कम होने लगती है।
2. छोटी-छोटी बातों में घंटों बर्बाद हो जाते हैं।
3. पढ़ा हुआ याद रखने में परेशानी हो सकती है।
4. आत्मविश्वास कमजोर होने लगता है।
5. पढ़ाई का दबाव और चिंता बढ़ सकती है।
6. धीरे-धीरे हम खुद को दूसरों से पीछे समझने लगते हैं।
कई बार ऐसा होता है कि हम घंटों किताब लेकर बैठे रहते हैं, लेकिन उतना भी नहीं पढ़ पाते जितना सामान्य दिनों में कुछ ही समय में पढ़ लेते थे।
इसलिए जरूरी है कि हम केवल पढ़ने के लिए न बैठें, बल्कि अपने दिमाग को भी पढ़ाई के लिए तैयार करें।
Overthinking से बाहर निकलने के लिए क्या करना चाहिए?
Overthinking को एक दिन में खत्म करना आसान नहीं है। इसके लिए खुद को समझना और धीरे-धीरे अपनी आदतों में बदलाव करना जरूरी है।
मेरे हिसाब से Overthinking से बाहर निकलने का एक अच्छा तरीका है खुद को किसी प्रैक्टिकल काम में व्यस्त रखना।
1. पढ़ते समय खुद को Active रखें
अगर आप कोई किताब पढ़ रहे हैं, तो अपने पास हाइलाइटर, पेन या पेंसिल जरूर रखें।
किताब में जरूरी बातों को अंडरलाइन करें, नोट्स बनाएं और जो पढ़ रहे हैं, उसे अपने शब्दों में लिखने की कोशिश करें।
इससे आपका दिमाग सिर्फ सोचने में नहीं, बल्कि सीखने और समझने में भी व्यस्त रहेगा।
सिर्फ मन ही मन पढ़ते रहने के बजाय पढ़ाई में सक्रिय रूप से हिस्सा लें।
2. एक ही जगह बैठकर पूरा दिन न बिताएं
कई बार हम एक ही कमरे में घंटों बैठे रहते हैं। वही वातावरण, वही दीवारें और वही दिनचर्या हमें बोर करने लगती है।
ऐसे में हमारा मन बार-बार इधर-उधर की बातों में जाने लगता है।
इसलिए पढ़ाई के बीच छोटे-छोटे ब्रेक लें। कुछ देर टहलें, खुली हवा में जाएं या थोड़ी देर बाहर बैठें।
जरूरी नहीं कि आप घंटों बाहर बिताएं। कभी-कभी कुछ मिनट का बदलाव भी मन को हल्का महसूस करा सकता है।
3. बीती हुई बातों को बार-बार न दोहराएं
जो हो चुका है, उसे हम बदल नहीं सकते।
अगर आपका रिजल्ट खराब आया है, कोई परीक्षा अच्छी नहीं हुई या किसी ने आपसे कुछ गलत कह दिया, तो उस बात को बार-बार सोचने से स्थिति नहीं बदलेगी।
isse bhi padhe: जुनून: असंभव को संभव बनाने की जिद्द
इसके बजाय खुद से एक सवाल पूछें:
मैं इस अनुभव से क्या सीख सकता हूं और अब आगे क्या कर सकता हूं?
यह सवाल आपको परेशानी में उलझे रहने के बजाय समाधान की तरफ ले जा सकता है।
4. अपने मन की बातें लिखना शुरू करें
कई बार हमारे दिमाग में इतनी सारी बातें चलती रहती हैं कि हमें खुद समझ नहीं आता कि हम परेशान किस बात से हैं।
ऐसे में एक डायरी बनाएं और अपने मन में चल रही बातों को उसमें लिखें।
लिखें कि आपको किस बात की चिंता है, आप क्या सोच रहे हैं और उस समस्या का कोई समाधान आपके पास है या नहीं।
इससे आपको अपने विचारों को समझने और उन्हें व्यवस्थित करने में मदद मिल सकती है।
5. अपनी Physical Activity पर ध्यान दें
सिर्फ पढ़ाई करना ही हमारी दिनचर्या नहीं होनी चाहिए।
रोजाना कुछ समय टहलने, व्यायाम करने, योग करने या किसी पसंदीदा गतिविधि में बिताएं।
जब हम शारीरिक रूप से सक्रिय रहते हैं, तो मन को भी आराम मिलता है और तनाव संभालने में मदद मिल सकती है।
6. खुद की तुलना दूसरों से करना बंद करें
कई बार हमारी Overthinking की एक बड़ी वजह दूसरों की सफलता होती है।
हम देखते हैं कि किसी का सिलेक्शन हो गया, किसी के अच्छे नंबर आ गए या कोई हमसे आगे निकल गया।
फिर हम खुद से सवाल करने लगते हैं कि आखिर हम क्यों पीछे हैं?
याद रखिए, हर व्यक्ति की जिंदगी और परिस्थितियां अलग होती हैं। किसी दूसरे की सफलता का मतलब आपकी असफलता नहीं है।
अपनी तुलना दूसरों से करने के बजाय कल के अपने आप से करें।
7. जरूरत पड़ने पर किसी से बात करें
हर परेशानी को अकेले संभालना जरूरी नहीं है।
अगर आपके मन में बहुत सारी बातें चल रही हैं, तो किसी भरोसेमंद दोस्त, परिवार के सदस्य या ऐसे व्यक्ति से बात करें जो आपकी बात समझ सके।
और अगर Overthinking लंबे समय तक बनी रहती है और आपकी पढ़ाई, नींद या रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित कर रही है, तो किसी मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से बात करना भी एक अच्छा कदम हो सकता है।
Overthinking और Depression में क्या संबंध है?
कई बार लगातार चिंता और नकारात्मक विचारों के कारण व्यक्ति मानसिक रूप से थका हुआ महसूस करने लगता है।
उसे किसी काम में मन नहीं लगता, लोगों से बात करने का मन नहीं करता और वह अकेले रहना पसंद करने लगता है।
कभी-कभी ऐसा लगता है कि हम कुछ कर भी नहीं रहे और हमारा समय भी लगातार निकलता जा रहा है।
हालांकि, Overthinking और Depression एक ही चीज नहीं हैं। लेकिन लगातार मानसिक परेशानी को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
अगर आप लंबे समय से उदासी, निराशा, घबराहट या किसी भी काम में रुचि न होने जैसी समस्याओं का सामना कर रहे हैं, तो मदद लेने में बिल्कुल संकोच न करें।
आखिर Overthinking को लेकर हमें क्या समझना चाहिए?
मैं खुद भी कई बार ऐसी स्थिति से गुजरी हूं, जब किसी की कही हुई छोटी-सी बात मेरे दिमाग में कई दिनों तक चलती रहती थी।
कभी सोचती थी कि आखिर उसने मुझसे ऐसा क्यों कहा? कभी किसी छोटी-सी गलती को लेकर खुद को ही दोष देने लगती थी।
इसका असर सिर्फ मेरे मन पर नहीं, बल्कि मेरे समय और मेरी दिनचर्या पर भी पड़ता था।
धीरे-धीरे मुझे महसूस हुआ कि किसी बात के बारे में सोचना गलत नहीं है, लेकिन उसी बात में इतना उलझ जाना कि हम अपनी बाकी जिंदगी को ही भूल जाएं, यह हमारे लिए नुकसानदायक हो सकता है।
हमें अपने बारे में सोचना चाहिए, अपने भविष्य की चिंता करनी चाहिए और अपनी गलतियों से सीखना भी चाहिए। लेकिन इतना नहीं कि हम अपने वर्तमान को ही खराब कर लें।
याद रखिए, बीता हुआ कल हमारे हाथ में नहीं है और आने वाला कल अभी आया नहीं है। हमारे पास सिर्फ आज है, जिसमें हम कुछ बेहतर करने की कोशिश कर सकते हैं।
इसलिए खुद को समय दीजिए, अपनी छोटी-छोटी खुशियों पर ध्यान दीजिए और अपनी जिंदगी को सिर्फ सोचने में नहीं, बल्कि कुछ अच्छा करने में लगाइए।
क्योंकि जिंदगी सिर्फ सोचते रहने के लिए नहीं, बल्कि जीने और आगे बढ़ने के लिए भी है।
आज से एक कोशिश जरूर कीजिए: कम सोचिए, खुद को समझिए और अपने छोटे-छोटे कदमों से आगे बढ़ते रहिए।
Write by Vidhi saini
Support Writer
Agar Vidhi saini ki is rachna ne aapke hriday ko chhua ho, toh unki kalam aur sahityik prayas ko aage badhane hetu ek chhota sa sneha-sammaan bhent karein:








