“प्यार होने के लिए कोई खास शर्त नहीं होती… प्यार बस हो जाता है।”
कभी-कभी जिंदगी में कोई ऐसा इंसान आता है, जिसे हम अपनी कल्पनाओं में भी जगह नहीं देते। हमें लगता है कि हमारा दिल किसी एक के लिए धड़कता है और उसके बाद उसमें किसी और के लिए कोई जगह नहीं बच सकती। लेकिन जिंदगी अपनी कहानी खुद लिखती है। मेरी कहानी भी कुछ ऐसी ही है— एक सफर, ‘पहले प्यार से सच्चे प्यार तक’ का।
पहला प्यार और वो पुरानी यादें
मेरा पहला प्यार इतना प्रबल था कि कहीं न कहीं उसने मुझे आज तक जकड़कर रखा हुआ था। आज भी उसकी आवाज़ सुनती हूँ तो न जाने क्यों दिल पिघल जाता है। पता नहीं क्यों, लेकिन मैं उसे कभी पूरी तरह भुला नहीं पाई।
हाँ, आज उसकी यादों को सोचकर दुख कम और मुस्कुराहट ज्यादा आती है। कभी अपनी गलतियाँ नजर आती हैं, तो कभी वह दौर याद आता है जब मुझे लगता था कि यही मेरा पहला और आखिरी प्यार है। लेकिन शायद प्यार की खूबसूरती ही यही है कि वह हमेशा हमारी सोच के मुताबिक नहीं चलता।
Read More: वाणी की कहानी: कॉलेज का पहला दिन और एक दर्दनाक अनसुलझा राज
जिंदगी में एक नए इंसान की दस्तक
मेरे पहले प्यार की कहानी शायद अपने अंत की तरफ बढ़ रही थी। तभी मेरी जिंदगी में एक ऐसे इंसान की एंट्री हुई, जिसके बारे में मैंने कभी सोचा तक नहीं था। वह मेरी कल्पना से बिल्कुल अलग था।
कहते हैं न, जरूरी नहीं कि दो लोगों का एक-दूसरे से प्यार करना जरूरी हो। कभी-कभी एक इंसान पूरे दिल से प्यार करता है और बदले में सिर्फ साथ चाहता है। वह भी मुझसे कुछ ऐसा ही चाहता था।
जब उसने पहली बार अपने दिल की बात मेरे सामने रखी, तो मैंने बिना कुछ सोचे उसे तुरंत मना कर दिया: “मेरी जिंदगी में कोई है और मैं उसके अलावा कभी किसी से प्यार नहीं करूँगी। मैं तुम्हें वो प्यार कभी नहीं दे पाऊँगी, जिसके तुम हकदार हो।”
लेकिन उसने सिर्फ इतना कहा— “मुझे तुमसे प्यार करवाना नहीं है। मुझे बस तुम्हारा साथ चाहिए। तुम मुझसे कभी प्यार मत करना, मैं तुम्हें कभी मजबूर नहीं करूँगा।”
![]()
![]()
वो खामोशी और फिर से एक नई शुरुआत
मैंने साफ मना कर दिया। समय बीतता गया। उसने मुझे फोन करना बंद कर दिया। फिर मेरा ब्रेकअप हो गया। उसके बाद जैसे मेरी जिंदगी ही रुक गई। मैं हर समय उदास रहने लगी, कमरे में बंद रहती और खुद से सिर्फ एक ही बात कहती— “अब जिंदगी में कभी प्यार नहीं करना।”
फिर अचानक एक दिन एक अनजान नंबर से फोन आया। वह था। उसने कहा— “मुझे अनब्लॉक कर दो… दोस्ती के लिए।” मैंने कर दिया। हम फिर से सामान्य दोस्तों की तरह बात करने लगे।
एक बार फिर हमारी लड़ाई हुई और मैंने उसे फिर ब्लॉक कर दिया। लेकिन शायद उसकी कहानी में हार मानना लिखा ही नहीं था। फिर अचानक मुझे पता चला कि उसका एक्सीडेंट हो गया है। मुझसे रहा नहीं गया और मैंने उसे कॉल कर दी।
Read More: मोहब्बत के साएं में भाग 1
जब दोस्त बन गया सच्चा प्यार
कुछ महीने बीत गए। धीरे-धीरे उसने मेरे दिल में अपनी एक अलग जगह बना ली।
जब मेरा फोन खराब हुआ, या जब मैं बीमार पड़ी, उसने फोन पर ही मेरा इतना ख्याल रखा कि मैं खुद हैरान रह गई। हर थोड़ी देर में पूछना— “बुखार कम हुआ? दवाई ली? कुछ खाया?”
शायद मुझे खुद भी पता नहीं चला कि कब वह मेरे लिए सिर्फ एक दोस्त से कहीं ज्यादा बन गया।
दिल की बात और वो अटूट इंतजार
आखिरकार एक दिन मैंने अपनी भावनाएँ उसके सामने रख दीं। मैंने कहा—
“वर्दी लेकर आओ… मैं तुम्हारे लिए सबसे लड़ लूँगी। परिवार और समाज से लड़ना मेरा काम है। लेकिन इससे पहले तुम मुझे कभी छुओगे नहीं, कोई दबाव नहीं डालोगे। मुझे समय लगेगा। और जब मुझे यकीन हो जाएगा, तब मैं भी तुम्हें उतना ही प्यार करूँगी, जितना तुम मुझे करते हो।”
उसने मेरी हर शर्त मंजूर कर ली। उसकी मन की शक्ति इतनी मजबूत थी कि चार साल तक इंतजार करने के बाद भी वह पीछे नहीं हटा। उसने मुझे प्यार के लिए मजबूर नहीं किया, उसने बस इंतजार किया।
निष्कर्ष: पहले प्यार से सच्चे प्यार तक का सफर
आज हम दोनों साथ हैं। खुश हैं। आज पीछे मुड़कर देखती हूँ तो लगता है— पहला प्यार जिंदगी का आखिरी प्यार हो, यह जरूरी नहीं।
कभी-कभी जिंदगी हमें उस इंसान से मिलाती है, जो हमारे टूटने के बाद हमें फिर से प्यार पर विश्वास करना सिखाता है। और शायद यही मेरी कहानी की सबसे खूबसूरत बात है— जिस इंसान को मैंने कभी अपने प्यार के लायक समझा ही नहीं था, वही धीरे-धीरे मेरे दिल का सबसे खूबसूरत हिस्सा बन गया।
नजर न लगे ऐसी जोड़ी को।
(नोट: इस कहानी के पात्रों का लेखिका के व्यक्तिगत जीवन से कोई संबंध नहीं है। यह एक अनुभव-आधारित कहानी है, जिसे लेखिका ने अपने देखे और महसूस किए अनुभवों से लिखा है।)
— लेखिका: विधि सैनी







