सपना सच या फ़साना
कभी-कभी रातों में एक अजीब-सा ख्वाब आता है,
बंद आँखों के भीतर कोई अपना नज़र आता है।
कुछ बातें होती हैं, जो कभी कही नहीं जातीं,
कुछ यादें हैं, जो चाहकर भी भुलाई नहीं जातीं।
किसी सपने में हम अपनी दुनिया बसा लेते हैं,
अनजान चेहरों में भी अपनों को पा लेते हैं।
वहाँ न कोई मजबूरी होती है, न कोई दीवार,
न रिश्तों में दूरी होती है, न दिलों में इनकार।
मगर सुबह होते ही सब कुछ बदल जाता है,
जो अपना था ख्वाब में, वो अजनबी नज़र आता है।
हाथ बढ़ाओ तो बस खालीपन हाथ आता है,
दिल जिसे सच मान बैठा, वो सपना कहलाता है।
कभी लगता है जिंदगी भी कोई कहानी है,
कहीं हकीकत तो कहीं आँखों का पानी है।
कुछ किरदार बिना दस्तक दिल में उतर जाते हैं,
और कुछ उम्र भर साथ रहकर भी बिछड़ जाते हैं।
न जाने कितने ख्वाब अधूरे रह जाते हैं,
कितने अरमान खामोशी में दम तोड़ जाते हैं।
किसी को मंजिल मिलती है, कोई राह में खो जाता है,
किसी का सपना सच होता है, कोई सपना ही हो जाता है।
मैंने भी एक दुनिया अपने ख्वाबों में बनाई थी,
जहाँ हर सुबह उम्मीद की धूप उतर आई थी।
कुछ चेहरे थे, जिनसे मेरी पहचान हुआ करती थी,
जिनकी मुस्कान से मेरी शाम सजा करती थी।
फिर वक्त ने धीरे से एक राज समझाया,
हर खूबसूरत ख्वाब को सच नहीं बनाया जाता।
कुछ लोग सिर्फ यादों में रहने के लिए मिलते हैं,
कुछ रिश्ते अधूरी कहानी बनकर ही खिलते हैं।
अब न जाने किस बात पर यकीन करूँ मैं,
जो आँखों ने देखा या जो दिल ने महसूस किया।
सच तो कभी-कभी इतना बेरहम निकलता है,
कि झूठ का सहारा भी अच्छा लगने लगता है।
फिर भी ख्वाब देखना मैंने छोड़ा नहीं है,
टूटे हुए दिल को उम्मीदों से जोड़ा है।
क्योंकि सपनों के बिना जिंदगी भी क्या जिंदगी है,
कभी सच, कभी फ़साना, यही तो इसकी बंदगी है।
आखिर कौन जानता है इस दिल की दास्तान,
जो सपना लगता है, वही बन जाता है कभी सच,
और जो सच लगता है, रह जाता है एक फ़साना।
कुंदन राज दत्ता “निश्छल”
Support Writer
Agar कुंदन राज दत्ता "निश्छल" ki is rachna ne aapke hriday ko chhua ho, toh unki kalam aur sahityik prayas ko aage badhane hetu ek chhota sa sneha-sammaan bhent karein:







