कोरा कागज
मैं भी एक कोरा कागज़ थी,
न कोई रंग, न कोई ख़्वाब थी,,
भीड़ में रहकर भी तन्हा-सी,
हर दिन बस एक सवाल थी,,
चेहरे पर मुस्कान सजाए,
दिल में सन्नाटा पलता था,,
हर “मैं ठीक हूं” के पीछे,
एक दर्द चुपचाप चलता था,,
फिर सोचा क्यों न लिख दूं,
जो दिल बरसों से कहता है,,
शायद आंसू शब्द बन जाए,
और मन कलम बन जाए ,,
हर ज़ख्म कहानी बन सकता है,
हर ख़ामोशी कविता बन सकती है,,
बेरंग सा दिखने वाला कागज़ भी,
उम्मीदों से रंगीन होता है,,
आज उसी कोरे कागज़ पर,
मैंने अपने सपने बो दिए,,
दर्द की स्याही से लिखकर,
जीने के नए मायने खोज लिए,,
क्योंकि…
बेरंग होना अंत नहीं,
नई शुरुआत की पहचान है,,
कोरा कागज़ खाली नहीं होता,
उसे अनगिनत रंगों का इंतज़ार रहता है,,
𝒢𝓊𝓃𝒿𝒶𝓃 𝒿ℴ𝒽𝓇𝒾
Support Writer
Agar Gunjan Johri ki is rachna ne aapke hriday ko chhua ho, toh unki kalam aur sahityik prayas ko aage badhane hetu ek chhota sa sneha-sammaan bhent karein:






