मैं….घर का दरवाजा
मैं उस घर का दरवाज़ा हूं। लकड़ी का बना, लोहे की कुंडी वाला… पर मेरे भीतर सालों की सांसें,आहटें और इंतज़ार बसते हैं।
जब यह घर नया-नया बसा था, मैंने सबसे पहले मां को भीतर आते देखा।उसके हाथों में पूजा की थाली थी और आंखों में ढेर सारी उम्मीदें। वह रोज़ मुझे हल्के से छूकर निकलती, जैसे कह रही हो,“सबको सुरक्षित रखना।”
हर सुबह पापा मुझे खोलते, कुंडी घुमाते वक्त थोड़ा रुकते, फिर पीछे मुड़कर कहते: “शाम को लौटूंगा।” मैं हर बार ज़ोर से बंद होता, ताकि वादा टूटे नहीं।
फिर एक दिन…. वह वादा मेरे सामने ही गिर पड़ा। उस दिन शाम हुई,
रात भी।
मैं खुला रहा।
मां बार-बार मुझे देखती, जैसे मेरी आंखों में , किसी जवाब की तलाश हो।पर मैं क्या कहता? मेरे भीतर भी पहली बार ख़ामोशी ने घर बना लिया था।
समय बीता। बच्चा बड़ा हुआ। मैंने उसे स्कूल जाते देखा, कॉलेज जाते देखा, और नौकरी के पहले दिन उसके कांपते हाथों से मुझे बंद होते देखा। हर हार के बाद वह मुझसे सिर टकराकर रोया, और हर जीत पर मुझसे तेज़ी से खुलवाया।
एक दिन वह दुल्हन को लेकर आया।मुझ पर हल्दी लगी,फूल टांगे गए, और मां ने मुझे देर तक निहारा। उसकी आंखें मुस्कुरा रही थीं, पर डर भी मुझसे छिपा नहीं था। वह जानती थी :अब मैं कम खुलूंगा।
isse bhi padhein: शरारत
वाकई, कई दिनों तक मैं बस बंद ही रहा। मां रोज़ मुझे साफ़ करती, कुंडी ठीक करती, जैसे बेटे की कमी को मेरे सहारे संभाल रही हो।
फिर एक रात मेरी कुंडी हिली। थकी हुई उंगलियां थीं।
मैं खुला! तो वही बेटा खड़ा था- झुका हुआ, टूटा हुआ, पर घर लौट आया था।
मां कुछ नहीं बोली। मैं भी नहीं बोला। बस मैं खुला रहा… पूरी तरह।
क्योंकि मैं जानता हूं- घर का दरवाज़ा, सिर्फ ताले के लिए नहीं बनता, वह लौट आने वालों के लिए होता है।
𝒢𝓊𝓃𝒿𝒶𝓃 𝒿ℴ𝒽𝓇𝒾
Support Writer
Agar Gunjan Johri ki is rachna ne aapke hriday ko chhua ho, toh unki kalam aur sahityik prayas ko aage badhane hetu ek chhota sa sneha-sammaan bhent karein:







