शरारत
सुबह का आसमान हल्का गुलाबी है। सड़क पर धूप की पतली चादर पड़ी है, और हवा में ठंडी खुशबू घुली है।
लेकिन मोहल्ले की इस शांति को हमेशा की तरह आरव तोड़ देता है।
मुहल्ले की सुबह हमेशा चिड़ियों की चहचहाहट से नहीं बल्कि आरव की आवाज़ से शुरू होती है।
कहीं वह रास्ते में रखे टमाटर वाले की टोकरियां उलट देता है…कहीं मोहल्ले के कुत्तों को भगा कर खुद ही गिर पड़ता है…और कभी-कभी तो लोगों की घंटियां बजाकर भाग जाता है।आज भी वही शोर गूंज रहा है।
“आरव! फिर से?”
सिर्फ सात साल का है आरव !पतला-दुबला, आंखों में शरारत की चमक, और चेहरे पर वह मासूमियत जो हर शैतानी के बाद उसे बचा लेती है।
सब्ज़ी वाले मंगू चाचा दांत पीसते हुए कहते हैं। आरव के पीछे-पीछे उसके पापा आदित्य और मम्मी रेवती हांफते हुए पहुंचते हैं।
“चाचा… माफ़ कीजिए… बच्चा है…” रेवती लगभग रोज़ की आदत की तरह कहती हैं। आदित्य झेंपकर टोकरियां उठाने में मदद करने लगते हैं।
आरव दूर एक पेड़ के पीछे छिपा हंसता है , उसे लगता है यह दुनिया उसकी दौड़, उसकी आवाज़, उसकी मस्ती के लिए ही बनी है।
घर लौटते वक्त रेवती थककर कहती हैं, “कब समझेगा यह? कब थोड़ा शांत होगा?”
आदित्य सिर्फ़ मुस्कुरा देते हैं। “अरे, बच्चा है… बड़े होकर समझ जाएगा।”
लेकिन अंदर से वे भी परेशान हैं , हर दिन माफ़ी… हर दिन शिकायतें…
कभी किसी से झगड़ा, कभी किसी का सामान तोड़ देना…
पूरे मोहल्ले में उनकी पहचान सिर्फ़ एक ही है –
‘शैतान आरव के मम्मी-पापा’।
शाम का समय है। आरव घर से बाहर निकलकर पार्क की तरफ भागता है।उसके माता-पिता दूर से उसे देखते हुए आते हैं , आज वे ज़्यादा थके हुए लग रहे हैं, जैसे किसी अदृश्य बोझ ने उनकी कमर झुका दी हो।
पार्क में दाख़िल होते ही आरव सीधे झूले की तरफ दौड़ता है और झूला झूल रहे दो बच्चों को धक्का देकर खुद बैठ जाता है।
दोनों बच्चे गिर जाते हैं।
उनके माता-पिता चिल्लाते हैं, “किसका बच्चा है ये?”
हमेशा की तरह आदित्य और रेवती फिर झुककर माफी मांगते है – “सॉरी… हमारा बच्चा है… ध्यान नहीं दिया… माफ़ कर दीजिए…”
आरव दूर खड़ा बिना अपराधबोध के मिट्टी में खेल रहा है।उन सबके जीवन का एक नया मोड़ यहीं से शुरू होता है…
पार्क के कोने में एक व्हीलचेयर दिखती है। उस पर बैठा है – अनिष्क, लगभग 8 साल का लड़का।
पैर बिल्कुल स्थिर…
हाथ मुश्किल से हिलते हुए…
लेकिन आंखें – ज़िंदा, चमकीली… सपनों से भरी।
उसके पापा निश्चय और मम्मी अदिति उसके पास खड़े उसे आइसक्रीम खिला रहे हैं।
उसकी मां आदिति, उसके गले में रूमाल ठीक कर रही है।
पिता निश्चय, उसकी आइसक्रीम कपड़े पर न टपक जाए इस कोशिश में झुके हुए हैं।
अचानक आरव मिट्टी उठाकर हवा में उछालता है और मिट्टी का हिस्सा अनिष्क की गोद में गिर जाता है।
आदिति घबरा जाती हैं, “अरे बेटा, कपड़े गंदे हो गए…”
निश्चय मुड़कर आरव को देखते हैं। उनकी आवाज़ गुस्से में नहीं… बल्कि कुछ अजीब-सा भाव लिए हुई है।
रेवती और आदित्य दौड़कर फिर वही डायलॉग दोहराते हैं – “माफी चाहते हैं… हमारी गलती है… बच्चा संभल नहीं पाता…”
पर इस बार प्रतिक्रिया कुछ अनोखी मिलती है।
निश्चय हल्के से मुस्कुराते हैं। “कोई बात नहीं… मिट्टी है, धुल जाएगी।”
रेवती चौंकती है। इतने साल में पहली बार किसी ने आरव की हरकत पर इतना शांत जवाब दिया है।
अदिति भी मुस्कुराकर कहती हैं, “काश… हमारा बेटा भी इसी तरह मिट्टी में खेल पाता… गिर-पड़ पाता… भाग पाता…”
रेवती पहली बार ध्यान से अनिष्क को देखती हैं। उसे व्हीलचेयर पर बंधा देख, उनका दिल कांप जाता है। अनिष्क अपनी हथेली से मिट्टी को छूने की कोशिश कर रहा है – लेकिन उसके हाथ कांपते हैं।
अदिति जरा दर्द से कहती हैं, “हम रोज़ दुआ करते हैं… बस एक दिन, एक बार… ये भाग जाए… शैतानी करे…
कुछ तो गड़बड़ करे…
कुछ तो तोड़े…
बस हम उसके पीछे भागते भागते थक जाएं…
काश… ये एक बार हमारी माफी का कारण बन जाए…”
रेवती और आदित्य को लगता है जैसे किसी ने उनके सीने पर भारी पत्थर रख दिया हो।
इधर आरव, अनिष्क की व्हीलचेयर के पास जाता है।
अनिष्क उसे देख मुस्कुराता है । एक मासूम, सच्ची, कच्ची मुस्कान।
“तुम…. दौड़ते…. हो….?” अनिष्क टूटी फूटी भाषा में पूछता है।
आरव शान से कहता है, “हां! बहुत तेज़। मेरे जैसे पार्क में कोई नहीं दौड़ता।”
अनिष्क धीरे से कहता है, “मेरे…. लिए…. ज़रा….. दौड़ेगा…..? मैं.. देखना.. चाहता.. हूँ… कि.. दौड़… कैसा… होता…. है।”
आरव पहली बार ठिठकता है। उसकी शैतानी अचानक रुक जाती है। वह सोचता है – ये बच्चा क्यों नहीं दौड़ता?
अनिष्क की आंखों में इतना गहरा इंतज़ार है कि आरव चुपचाप पार्क के चक्कर लगाने लगता है।
अनिष्क उसे देख रहा है, ताली मारने की कोशिश कर रहा है।उसकी आंखें चमक रही हैं।
निश्चय और अदिति की पलकों पर आंसू छलक आते हैं। आदित्य और रेवती का दिल किसी नुकीले भाव से चुभ गया है
गिल्ट…
अफसोस…
पछतावा…
सब एक साथ।
आरव दौड़ते-दौड़ते अचानक रुकता है और वापस आता है। वह अनिष्क का हाथ पकड़ता है और कहता है— “चल, तुझे भी दौड़ाता हूं!” सभी चौंक जाते हैं।
आरव व्हीलचेयर को धीरे से पकड़कर धक्का देता है। वह खड़ा होने की कोशिश करता है – लेकिन उसके अंदर एक नया भाव जाग चुका है।
अनिष्क हवा के झोंके को महसूस करते हुए हंस रहा है।इतनी खुलकर, इतनी सच्चाई से, शायद पहली बार।
आसपास के लोग रुककर यह दृश्य देखने लगते हैं। उनके चेहरों पर ऐसी मुस्कान है जो किसी मंदिर या मां की गोद में ही दिखती है।
isse bhi padhein: हिन्दी के प्रति युवा पीढ़ी की अरुचि: समस्या और समाधान पढ़े Muktika Publication पर
निश्चय कांपती आवाज़ में कहते हैं, “आज… हमारा बेटा खड़ा होने की कोशिश कर रहा है…”
अदिति की आंखों से आंसू बह रहे हैं, “हमने कभी सोचा भी नहीं था…”
आरव के माता-पिता खड़े रह जाते हैं – न बोल पाने की हालत में…न समझ पाने की… सिर्फ़ महसूस करने की।
पहली बार आरव बदलता है
दौड़ खत्म होती है। आरव धीरे से अनिष्क के पास बैठ जाता है।
“अच्छा लगा?”
“बहुत…” — अनिष्क की आंखें उम्मीद से भरी हैं।
आरव मिट्टी उठाकर उसकी हथेली पर रख देता है।
“ले… खेल ले… यही से शुरू कर…”
अनिष्क उस मिट्टी को देख चमक उठता है । जैसे उसे कोई दुनिया का सबसे कीमती खिलौना मिल गया हो।
अदिति रेवती के पास आकर कहते हैं,
“आप बहुत भाग्यशाली हैं… आपके पास एक बच्चा है जो शैतानियां करता है… झगड़ता है… दौड़ता है… गिरता है… हंसता है… यही तो बचपन है।”
रेवती की आंखों से आंसू बहने लगते हैं। उन्हें लगता है ,अब तक उन्होंने शिकायत करके कितना बड़े आशीर्वाद को नज़रअंदाज़ कर दिया था।
आदित्य के होंठ कांपते हैं , “हम रोज़ शर्मिंदा होते थे कि हमारा बच्चा बहुत शैतान है। लेकिन आज पहली बार समझ आया कि यह शैतानी…कितना बड़ा उपहार है।”
अदिति मुस्कुराती हैं, “हम तो बस यही चाहते हैं… एक दिन… अनिष्क कुछ शैतानी कर दे… हम भी किसी से माफी मांगने जाएं… और गर्व से कहें,‘हां… यह हमारा शैतान बेटा है।’”
माहौल भारी हो जाता है ,लेकिन सुंदर… बहुत सुंदर।
आरव हाथ पकड़कर अनिष्क से कहता है,“मैं रोज़ तुझे दौड़ाऊगा। और तू भी कभी कभी शैतानी कर देना…अच्छा लगता है।”
अनिष्क हंसता है। अदिति और निश्चय उसे पहली बार इतनी खुशी से हंसते देखते हैं।
रेवती झुककर आरव के बाल सहलाती हैं। आज उसके शैतान होने पर उन्हें शर्म नहीं – गर्व महसूस हो रहा है।
घर लौटते वक्त आदित्य और रेवती एक-दूसरे को देखते हैं।
उनकी आंखों में वही सवाल है-
हम किस बात की शिकायत करते थे? आरव सड़क पर छलांगें लगाता है… कुछ ही देर में फिर कोई शरारत करेगा… किसी को फिर परेशान करेगा…
लेकिन आज उसके माता-पिता उसके पीछे दौड़ते हुए माफी नहीं, बल्कि मुस्कान लेकर जाते हैं।
उन्हें समझ आ गया है कि – यह शैतानियां तो दुनिया के कुछ मां बाप का सपना है,जो पूरा नहीं हो पाता,नसीब नहीं होता देखना।हर शैतान बच्चा बोझ नहीं होता। कुछ शैतानियां… किसी की जिंदगी में सबसे बड़ी खुशी बनती हैं। और वे कभी फिर “बोरिंग” नहीं बनते, बल्कि दुनिया को थोड़ा और जीने लायक बना जाते हैं।
आरव आगे भाग रहा है, ज़मीन पर कंकड़ फेंकता, छलांगें लगाता, फिर पीछे मुड़कर कहता है – “कल फिर चलेंगे? मुझे अनिष्क
को दौड़ाना है।”
और उसके माता-पिता मुस्कुराते हैं। ऐसी मुस्कान…जिसमें अब शिकायत नहीं, बस खुशी है।
𝒢𝓊𝓃𝒿𝒶𝓃 𝒿ℴ𝒽𝓇𝒾
Support Writer
Agar Gunjan Johri ki is rachna ne aapke hriday ko chhua ho, toh unki kalam aur sahityik prayas ko aage badhane hetu ek chhota sa sneha-sammaan bhent karein:









1 thought on “शरारत”