डिप्रेशन से कैसे लड़ें

आज के इस भागदौड़ भरे जीवन में अवसाद एक बहुत बड़ी बीमारी बन चुका है। अगर आप भी जानना चाहते हैं कि ‘डिप्रेशन से कैसे लड़ें’, तो यह लेख आपके और आपके परिवार के लिए बहुत मददगार साबित होगा।

आज की सबसे बड़ी चुनौती: डिप्रेशन या अवसाद

आज हमारे समाज में डिप्रेशन बहुत तेजी से फैल रहा है। डिप्रेशन, जिसे हम अवसाद भी कहते हैं, उससे आज लाखों लोग प्रभावित हो रहे हैं।

हमारे बीच में प्रतियोगिता (Competition) इतनी अधिक हो गयी है कि कठिन मेहनत करने के बाद भी जब हम अपने लक्ष्य तक नहीं पहुँच पाते, तो खुद को इसका दोषी मानने लगते हैं और डिप्रेशन का शिकार हो जाते हैं।

युवा पीढ़ी और करियर का बढ़ता दबाव

आज युवा पीढ़ी इसका सबसे ज्यादा शिकार है। बच्चे बचपन से ही अपना लक्ष्य निर्धारित कर लेते हैं या उनके माता-पिता निर्धारित कर देते हैं कि “मेरा बेटा इंजीनियर बनेगा” या “मेरी बेटी तो डॉक्टर ही बनेगी।”

जो बच्चे घरवालों के या खुद के दबाव में आकर किसी ऐसे रास्ते पर चल पड़ते हैं जहाँ वे खुद को कमजोर पाते हैं, तो वे तेजी से डिप्रेशन की ओर चले जाते हैं।

आज पढ़ाई, करियर, जिम्मेदारी और घर-परिवार का युवा पीढ़ी पर बहुत भारी दबाव है। अगर वे किसी एक जगह चूक जाते हैं या दूसरों से पीछे रह जाते हैं, तो उनके अंदर हीन भावना आने लगती है।

इसे भी पढ़े : शब्दों का ज़हर: कड़वे शब्द रिश्तों को कैसे तोड़ देते हैं

बच्चों को अपना भविष्य चुनने की आज़ादी दें

हमारे समाज में अभी भी बच्चे को अपना भविष्य चुनने की पूरी आजादी नहीं है। अगर बच्चा साइंस नहीं पढ़ना चाहता है, तो घरवालों को लगने लगता है कि हमारा बच्चा होशियार नहीं है।

हमें ऐसा नहीं सोचना चाहिए। बच्चे को अपनी पसंद के विषय लेने दें और जिस क्षेत्र में उसकी रुचि हो, उसे वही करने दें। ज़बरदस्ती करके उसे कोई करियर चुनने के लिए बाध्य करने से वह न तो सफल हो पाएगा और न ही खुश रह पाएगा।

डिप्रेशन से कैसे लड़ें

परिवार का साथ: डिप्रेशन की सबसे अच्छी दवा

अगर बच्चा हो या बड़ा, उसे अपना जीवन अपने अनुसार जीने की आजादी मिलनी चाहिए। लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि उसे उसके हाल पर छोड़ दें। परिवार का दायित्व है कि सभी मिल-जुलकर रहें और एक-दूसरे की मदद करें।

“अगर घर में कोई अवसाद ग्रस्त हो रहा है तो सब मिलकर उसकी मदद करें। उसका भरोसा जीतें कि हम सदा तुम्हारे साथ रहेंगे, फिर चाहे तुम सफल हो या असफल।”

डिप्रेशन से ग्रस्त इंसान से या जो परेशान दिख रहा है, उससे उसकी समस्या पूछें और उसकी बात को ध्यान से सुनें। उसकी बातों को हँसी में उड़ाकर उसका मज़ाक न बनाएं, वरना वह आगे से आपको कुछ नहीं बताएगा और अवसाद के गहरे गर्त में डूबता जाएगा।

मनोचिकित्सक (Psychiatrist) की भूमिका और भ्रांतियां

डिप्रेशन से लड़ने के लिए आजकल मनोचिकित्सक होते हैं जो डिप्रेशन ग्रस्त इंसान को समय-समय पर काउंसलिंग देते हैं और जरूरत पड़ने पर दवा भी देते हैं।

हमारे समाज में जागरूकता की कमी के कारण लोग अवसाद से ग्रस्त इंसान को पागल समझते हैं। उन्हें लगता है कि मनोचिकित्सक के पास जाना मतलब पागल होना है। पर ऐसा नहीं है! मनोचिकित्सक सिर्फ पागलों का उपचार नहीं करते, वे डिप्रेशन का भी इलाज करते हैं।

किसी भी बीमारी के उपचार में मरीज़ की सकारात्मक सोच होना बहुत अधिक महत्त्व रखता है। अगर सोच नकारात्मक होगी, तो महँगी से महँगी दवा भी असर नहीं करेगी।

डिप्रेशन से कैसे लड़ें: कुछ आसान और असरदार उपाय

हम डिप्रेशन से बाहर आने के लिए कुछ आसान तरीके अपना सकते हैं:

  • मेडिटेशन (Meditation): हम मेडिटेशन का सहारा ले सकते हैं। इससे मन को शांति और स्थिरता मिलती है।

  • रुचि के काम करें: अपनी रोजमर्रा की जिन्दगी से कुछ पल अपने शौक (जैसे- पेंटिंग, गाना, डांस, या कहानी-कविता लिखना) के लिए जरूर निकालें।

  • घूमने जाएं: साल में कम से कम एक बार अपने परिवार के साथ घूमने जरूर जाना चाहिए।

  • अपनों से मिलें: अपने नाते-रिश्तेदार या मित्रों से मिलें। अपनी समस्याएं साझा करें, क्योंकि दुख बांटने से हमेशा कम होता है।

निष्कर्ष

हमारे समाज को जागरूक होना होगा और हम सब को अपना नजरिया बदलना पड़ेगा। अगर कोई सदस्य डिप्रेशन में जाता है तो मनोचिकित्सक के पास जाने से हिचकिचाना नहीं चाहिए। हम डिप्रेशन से लड़ सकते हैं, बस हमें अपना नज़रिया बदलने की जरूरत है।

©️ लेखिका: भावना भट्ट दिनांक: 21-8-2026 (शुक्रवार) प्रस्तुति नंबर: 29 (स्वरचित और मौलिक रचना)

Leave a Comment