लड़कियों की आर्थिक आज़ादी: एक शक्तिशाली बदलाव और बेटियों की उड़ान
बहुत देर से समझ आया कि लड़कियों की आर्थिक आज़ादी को समाज में इतनी आसानी से स्वीकार क्यों नहीं किया जाता। शायद इसलिए कि जिस दिन लड़की कमाने लगेगी, उसके पास अपना पैसा होगा। जिस दिन उसके पास अपना पैसा होगा, वह अपने फैसले खुद लेने लगेगी। और जिस दिन वह अपने फैसले खुद लेने लगेगी, शायद वह अपनी ज़िंदगी को सिर्फ दूसरों की इच्छाओं के हिसाब से जीने से इनकार कर देगी। वह अपना घर बनाना चाहेगी। अपनी पहचान बनाना चाहेगी। अपनी पसंद से जीना चाहेगी।
और शायद सबसे बड़ा डर यही है कि फिर वह हर बात पर किसी की मोहताज नहीं रहेगी। उसे यह सोचने का अधिकार होगा कि उसे कब शादी करनी है, किस तरह की ज़िंदगी चाहिए और वह अपने सपनों को किस मुकाम तक ले जाना चाहती है। लेकिन सवाल यह है कि लड़की के सपनों से समाज को इतनी परेशानी क्यों होती है?
लड़कियों की आर्थिक आज़ादी से समाज को डर क्यों?
लड़कियां हैं हम, तभी तो बचपन से बहुत कुछ सहना सीख जाती हैं। हमें बताया जाता है कि बेटियां घर की इज्जत होती हैं। हमें समझाया जाता है कि हमारे कपड़े, हमारी आवाज़, हमारा बाहर जाना, हमारा हंसना-बोलना—सब परिवार की इज्जत से जुड़ा है। लेकिन कभी किसी ने यह नहीं कहा कि बेटियां भी परिवार का हिस्सा होती हैं। हमारी इच्छाएं भी होती हैं। हमारे सपने भी होते हैं। हमारी अपनी पहचान भी होती है।
फिर भी अक्सर बेटी को यह एहसास कराया जाता है कि वह इस घर की स्थायी सदस्य नहीं है। एक दिन उसे दूसरे घर चले जाना है। जमीन की बात आती है तो अक्सर बेटे का नाम सामने आता है। घर की जिम्मेदारियों की बात आती है तो बेटी से त्याग की उम्मीद की जाती है। और जब परिवार की इज्जत की बात आती है तो सबसे पहले बेटी को याद किया जाता है। आखिर क्यों?
Read More : माँ की ममता
बेटी को “पराया” क्यों समझा जाता है?
हमारे समाज में बेटियों को लेकर एक अजीब-सी सोच आज भी दिखाई देती है। बेटी के जन्म से ही उसके भविष्य की चिंता शुरू हो जाती है—उसकी पढ़ाई से ज्यादा उसकी शादी की चिंता, उसके करियर से ज्यादा उसकी शादी की उम्र की चिंता और उसके सपनों से ज्यादा यह चिंता कि “लोग क्या कहेंगे?”
अगर लड़की किसी उम्र तक शादी नहीं करती, तो सवाल उठने लगते हैं:
“अब तक शादी क्यों नहीं हुई?”
“लड़की की उम्र निकल रही है।”
“लोग क्या कहेंगे?”
लेकिन शायद ही कोई पूछता है— “उसकी ख्वाहिश क्या है? वह अपनी जिंदगी में क्या करना चाहती है? उसका सपना क्या है?” चार लोग क्या कहेंगे—इस सवाल ने न जाने कितनी बेटियों के सपनों को चुप करा दिया।
Read More : मोहब्बत के साएं में भाग 1
पढ़ाई सिर्फ शादी तक क्यों? लड़कियों की आर्थिक आज़ादी का महत्व
हम लड़कियों को पढ़ाते हैं। किताबें खरीदते हैं। स्कूल भेजते हैं। कॉलेज भेजते हैं। डिग्रियां दिलाते हैं। फिर जब लड़की अपनी पढ़ाई पूरी करके नौकरी करना चाहती है तो अचानक सवाल उठता है— “कमाने की क्या जरूरत है? घर में पैसे की कमी है क्या? लड़कियों के लिए प्राइवेट नौकरी अच्छी नहीं होती।”
और फिर वही लड़की सोचती रह जाती है कि अगर आखिर में घर ही बैठना था, तो उसे इतने साल पढ़ाया क्यों गया? किताबों से लेकर फीस तक सब पर खर्च किया गया, लेकिन उसकी शिक्षा को लड़कियों की आर्थिक आज़ादी से जोड़कर क्यों नहीं देखा गया? क्या पढ़ाई का मतलब सिर्फ एक डिग्री हासिल करना है? या पढ़ाई का मतलब यह भी है कि लड़की अपने पैरों पर खड़ी हो सके?
“कमाने के लिए हम हैं” — बेरोजगारी का ताना
कई बेटियों ने यह बात बचपन से सुनी होगी— “तुम्हें कमाने की क्या जरूरत है? कमाने के लिए हम हैं। तुम बस पढ़ाई करो।”
बेटी पढ़ती रही। उसने परीक्षाएं दीं। डिग्रियां हासिल कीं। अपने सपनों को बड़ा किया। लेकिन जब पढ़ाई पूरी हुई और उसने नौकरी की बात की, तो उसे घर की चारदीवारी दिखा दी गई। फिर एक दिन वही लड़की सुनती है— “तुम तो हमारे घर का खा रही हो।”
यहीं से एक सवाल जन्म लेता है— जब मुझे घर से बाहर निकलने नहीं दिया गया, जब मुझे नौकरी करने की अनुमति नहीं दी गई, जब मेरी पढ़ाई को रोजगार में बदलने का मौका नहीं दिया गया, तो फिर मेरी बेरोजगारी का ताना मुझे क्यों? जिस लड़की को आर्थिक रूप से स्वतंत्र होने का अवसर ही नहीं दिया गया, उससे आर्थिक निर्भरता का हिसाब मांगना कितना उचित है?
मेरी किताबें मुझसे लड़कियों की आर्थिक आज़ादी पर सवाल करती हैं
कभी-कभी लगता है कि मेरी किताबें ही मुझसे सवाल करती हैं। मेरे हाथों में थमे वे पन्ने पूछते हैं— क्या तुमने हमें इसलिए पढ़ा था कि एक दिन घर में बैठ जाओ? मेरी कलम पूछती है— क्या तुमने मुझे इसलिए पकड़ा था कि मैं सिर्फ परीक्षाओं में नंबर लिखूं, अपने सपनों की कहानी नहीं?
मैंने इतने साल पढ़ाई की। इतनी मेहनत की। इतने सपने देखे। तो क्या उन सपनों का अंत सिर्फ इसलिए हो जाना चाहिए क्योंकि मैं लड़की हूं?
लड़की की कमाई सिर्फ पैसा नहीं होती
यह समझना बहुत ज़रूरी है कि लड़कियों की आर्थिक आज़ादी का मतलब सिर्फ उनके हाथ में आने वाली तनख्वाह नहीं है। उसकी कमाई उसके आत्मविश्वास को मजबूत करती है। उसे निर्णय लेने की ताकत देती है। उसे मुश्किल परिस्थितियों में अपने पैरों पर खड़े होने का भरोसा देती है।
इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं कि हर लड़की को नौकरी करनी ही चाहिए। अगर कोई लड़की घर संभालना चाहती है, तो वह भी उसका अपना फैसला होना चाहिए। लेकिन अगर कोई लड़की पढ़-लिखकर अपना व्यवसाय शुरू करना चाहती है, तो उसे सिर्फ इसलिए रोक देना कि वह लड़की है—क्या यह सही है?
बेटी को दान नहीं, अधिकार चाहिए
बेटी को सिर्फ “दान” देने की वस्तु समझना बंद करना होगा। बेटी कोई जिम्मेदारी नहीं जिसे एक दिन किसी और के घर भेजकर पूरी कर दिया जाए। वह एक इंसान है। उसके अपने सपने हैं। उसे माता-पिता की जिंदगी का हिस्सा समझिए, बोझ नहीं। उसे यह भी सिखाइए कि जिस घर में उसने जन्म लिया, वहां उसकी आवाज़ की भी उतनी ही कीमत है। महिला सशक्तिकरण
की शुरुआत घर से ही होती है।
बेटियों को उड़ने दीजिए: लड़कियों की आर्थिक आज़ादी का समर्थन करें
अगर आपकी बेटी पढ़ना चाहती है—उसे पढ़ने दीजिए। अगर वह नौकरी करना चाहती है—उससे बात कीजिए, उसके रास्ते की मुश्किलें समझिए और संभव हो तो उसका साथ दीजिए। अगर वह अपना व्यवसाय करना चाहती है—उसे सिर्फ इसलिए मत रोकिए कि “लोग क्या कहेंगे।”
क्योंकि लोग कुछ दिन बोलेंगे और फिर चुप हो जाएंगे। लेकिन अगर बेटी के सपने हमेशा के लिए दब गए, तो उस खामोशी की आवाज़ शायद पूरी जिंदगी सुनाई देती रहेगी। इस विषय पर अधिक जानने के लिए हमारी बेटियों की शिक्षा और समाज की भूमिका
पर लिखी गाइड जरूर पढ़ें।
Read More: शिक्षा का दीपक
बेटियों को सिर्फ सुरक्षित रखने की जरूरत नहीं है, उन्हें सक्षम बनाने की भी जरूरत है। उन्हें सिर्फ यह मत सिखाइए कि घर कैसे संभालना है, उन्हें यह भी सिखाइए कि अपना जीवन कैसे संभालना है। क्योंकि बेटी की सबसे बड़ी कामयाबी सिर्फ यह नहीं कि वह किसी घर की अच्छी बहू बन गई। उसकी कामयाबी यह भी हो सकती है कि उसने लड़कियों की आर्थिक आज़ादी को अपनी ताकत बनाया, अपने सपनों को जिंदा रखा और यह साबित किया कि बेटी होना उसकी सीमा नहीं, बल्कि उसकी पहचान का एक खूबसूरत हिस्सा है।
और शायद अब समय आ गया है कि हम बेटियों से यह पूछना बंद करें— “लोग क्या कहेंगे?” और उनसे यह पूछना शुरू करें— “तुम क्या चाहती हो?”
विधि सैनी









2 thoughts on “लड़कियों की आर्थिक आज़ादी: एक शक्तिशाली बदलाव और बेटियों की उड़ान”